![]()
पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र के ग्राम नवदिया सुल्तानपुर में घर में घुसकर जानलेवा हमला करने, मारपीट और फायरिंग के मामले में कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रथम एसीजेएम न्यायालय के निर्देश पर गजरौला पुलिस ने 8 नामजद और 9-10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 173(4) बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता अमनदीप कौर पत्नी सुखचैन सिंह (निवासी ग्राम नवदिया सुल्तानपुर) ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 01 जून 2026 की शाम करीब 05 बजे उनके घर पर एक छोटी पार्टी चल रही थी। इसी दौरान रंजोत सिंह, मनरूप सिंह, कुलवीर सिंह, अंशप्रीत सिंह, गुरनाम सिंह उर्फ गामा, गुरजन्ट सिंह जन्टी, सुखदेव सिंह और सतेन्द्र सिंह अपने 9 से 10 अज्ञात साथियों के साथ फॉर्च्यूनर, थार व अन्य गाड़ियों में सवार होकर आए। आरोपियों ने एकराय होकर घर में घुसकर पीड़िता और उनके पुत्र हरप्रीत सिंह पर हमला कर दिया। रंजोत सिंह, कुलवीर सिंह और गुरनाम सिंह ने जान से मारने की नीयत से तमंचों से ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें पीड़िता और उनका बेटा बाल-बाल बचे। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों व तलवारों से हमला किया। ग्रामीणों के ललकारने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए असलहे लहराते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़िता का आरोप है कि घटना के दिन डायल 112 और थाने में तहरीर देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। मामले में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष ब्रजवीर सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
घर में घुसकर हमला, फायरिंग का मामला:पीलीभीत के गजरौला थाने में 8 नामजद समेत 18 पर FIR