गोलीकांड में भूरा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत:कोर्ट ने जमानत अर्जी खारिज कर जेल भेजा, अदनान समेत दो की तलाश हुई तेज


मेरठ में पड़ोसी पर घर में घुसकर गोली चलाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज उर्फ भूरा को बुधवार को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने उसकी जमानत अर्जी खारिज करते हुए 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए। देर शाम कोतवाली पुलिस ने भूरा को जिला कारागार में दाखिल कराया। जेल पहुंचने के बाद उसे मुलाहिजा बैरक में रखा गया है। इस मामले में पुलिस अब अदनान समेत दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। कोतवाली थाना क्षेत्र के सराय बहलीम निवासी हाजी सिराज ने सोमवार को पुलिस को तहरीर दी थी। आरोप लगाया था कि बसपा सरकार में मंत्री रहे हाजी याकूब कुरैशी के छोटे बेटे फिरोज उर्फ भूरा अपने साथियों के साथ घर में घुसा और गोली चलाने के साथ जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के साथ पुलिस को घटना से संबंधित वीडियो भी सौंपा गया था। पुलिस ने वीडियो और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच की। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में घटना से जुड़े आरोपों की पुष्टि होने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया। गिरफ्तारी के लिए बनाई चार टीमें
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही आरोपियों की गतिविधियों और उनके संपर्कों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। इसी दौरान मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि फिरोज उर्फ भूरा अपने घर पर मौजूद है। पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। रातभर थाने में रहा, शाम को कोर्ट में पेशी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने फिरोज उर्फ भूरा को रातभर कोतवाली में रखा। माना जा रहा था कि बुधवार दोपहर तक उसे न्यायालय में पेश कर दिया जाएगा, लेकिन दोपहर बीतने के बाद भी पुलिस उसे कोर्ट लेकर नहीं पहुंची। शाम करीब पांच बजे पुलिस ने रिमांड दाखिल किया। न्यायालय ने मामले में सुनवाई के बाद जमानत अर्जी खारिज कर दी और फिरोज को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। दो घंटे पुलिस वाहन में बैठा रहा भूरा
कोर्ट से जेल भेजे जाने का आदेश मिलने के बाद भी फिरोज उर्फ भूरा को पुलिस करीब दो घंटे तक वाहन में बैठाकर रखे रही। शाम करीब सात बजे कोतवाली पुलिस उसे लेकर जिला कारागार पहुंची। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे जेल में दाखिल कर दिया गया। जेल प्रशासन ने उसे मुलाहिजा बैरक में रखा है। अदनान समेत दो की तलाश
फिरोज की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस मामले में नामजद/वांछित अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *