गोरिल्ला तालाब में डूबने से युवक की मौत:अगले दिन कैटरिंग कर्मी के रूप में हुई पहचान


लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र स्थित गोरिल्ला तालाब में एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अगले दिन 4 अगस्त को रजा नगर निवासी सागर सिंह (24) के रूप में हुई, जो कैटरिंग का काम करता था। पुलिस ने 5 अगस्त को शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 3 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे हुई, जब गोरिल्ला तालाब में एक युवक के डूबने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पारा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को तालाब से बाहर निकाला। उसे तत्काल रानी लक्ष्मीबाई संयुक्त चिकित्सालय, राजाजीपुरम ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक के पास से एक काले रंग का पर्स बरामद हुआ था, लेकिन प्रारंभिक तौर पर उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और पहचान के प्रयास तेज किए। अगले दिन 4 अगस्त को परिजनों को अस्पताल बुलाया गया। मृतक के पिता इंद्रजीत सिंह रावत ने कपड़ों और शरीर पर बने टैटू के निशान के आधार पर शव की शिनाख्त अपने पुत्र सागर सिंह के रूप में की। वह कैटरिंग का काम करता था। पहचान की कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी और आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया। फिलहाल, युवक के तालाब में डूबने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *