![]()
गोरखपुर के तुर्कमानपुर में बिजली चोरी की चेकिंग के दौरान विजलेंस टीम के साथ हुए विवाद में लगभग 50 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया गया है। JE ने राजघाट थाने में दो नामजद और अन्य के खिलाफ तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि चेकिंग के दौरान आरोपियों ने उन्हें बंधक बनाने का प्रयास किया। साथ ही टीम के साथ बत्तमीजी और गाली- गलौज की। उनका कहना है कि इस घटना की वजह संबंधित विद्युत उपकेंद्र के कर्मचारियों में डर का माहौल है। उस मोहल्ले में बिजली संबंधी जांच करने जाने में जान का खतरा महसूस कर रहे हैं। इस मामले में पुलिस जांच में जुटी है। जानिए पूरा मामला…
राजघाट थाना क्षेत्र के तुर्कमानपुर स्थित कसाई टोला इलाके में मंगलवार दोपहर विजिलेंस की टीम बिजली चोरी पकड़ने पहुंची थी। इस दौरान टीम को मोहल्ले वालों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। हंगामे के बाद बिना कार्रवाई किए टीम वापस लौट गई। जानकारी के मुताबिक जब टीम पहुंची तो स्थानीय लोग एकजुट हो गए और अधिकारियों को घेर लिया। उन्हें चेकिंग नहीं करने दे रहे थे। सभी ने मिलकर बिजली विभाग मुर्दाबाद के नारे लगाए। लोग टीम के पीछे- पीछे चलते हुए दिखाई दिए और उन्हें अपना काम करने से पूरी तरह से रोकने का प्रयास किया। लोगों ने आरोप लगाया कि टीम के सदस्य बिना किसी महिला पुलिस के किसी के घर में घुस रहे थे। साथ ही डरा-धमका कर पैसे वसूल रहे थे। करीब 2 घंटे तक हंगामा चलता रहा। वहीं अधिकारियों का कहना है कि मोहल्ले में गैरकानूनी तरीके से बिजली इस्तेमाल करने की सूचना मिली थी। जिसकी चेकिंग के लिए टीम गई हुई थी। कुछ अराजक तत्वों से काम में बाधा डाला। काम में बाधा डालने का आरोप
पुलिस को दी गई तहरीर में JE सुधीर यादव ने बताया कि बिजली विभाग की ओर से बिजली चोरी रोको अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत तुर्कमान के कसाई टोला में मंगलवार को चेकिंग करते हुए विजिलेंस की टीम की ओर से मोहम्मद सलमान खान के घर में बिजली चोरी पकड़ी गई थी, जिसपर कार्रवाई करते हुए लाइन डिस्कनेक्ट किया गया। उसके बाद आगे की चेकिंग की जा रही थी। उसी समय आरोपी सलमान अपने साथ 40 से 50 लोगों को लेकर आया और हंगामा शुरू कर दिया। JE, विजिलेंस और प्रवर्तन दल की टीम पर झूठा आरोप लगाते हुए फर्जी मामलों में फंसाने की धमकी दी। विवाद बढ़ा कर चेकिंग का काम पूरी तरह बाधित कर दिया। उन्होंने एक अन्य व्यक्ति जहांगीर पर भीड़ को भडकाने और टीम को अपशब्द कहे जाने का आरोप लगाया। JE के साथ धक्का- मुक्की की गई
जिसकी वजह से JE के साथ धक्का- मुक्की की गई। हालांकि मौके पर मौजूद प्रवर्तन दल की टीम ने उन्हें कैसे भी बचा कर भीड़ से निकाला और गाड़ी में ले जाकर बैठाया। आरोप है कि इसी दौरान सलमान ने JE को बंधक बनाने के लिए भीड़ को उकसाया। जैसे- तैसे वहां से बचाकर ऑफिस लाया गया। जांच में जुटी पुलिस
राजघाट थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर दो नामजद के साथ 40- 50 अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच में जुटी है।
Source link
गोरखपुर में 50 लोगों के खिलाफ FIR:बिजली चोरी चेकिंग के दौरान JE और विजिलेंस टीम से की अभद्रता, लगाए गंभीर आरोप