गोरखपुर प्रेस क्लब में हुआ ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम:ADG जोन हुए शामिल, बोले- CPU बढ़ा रही पुलिस-जनता के बीच भरोसा


गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) मुथा अशोक जैन शामिल हुए। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ महिलाओं के लिए ऐसा मंच बन गया है, जहां वे बिना किसी डर और झिझक के अपनी समस्याएं खुलकर बता रही हैं। वहीं, कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट (CPU) पुलिस और आम लोगों के बीच भरोसा मजबूत करने का काम कर रही है। ADG ने कहा कि शादी के बाद कई नई बहुएं और युवतियां नए माहौल में अपनी परेशानियां किसी से साझा नहीं कर पातीं। इसी वजह से गोरखपुर जोन में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ शुरू किया गया। इसमें 15 से 35 वर्ष तक की महिलाओं को बुलाया जाता है और पुरुषों को शामिल नहीं किया जाता, ताकि महिलाएं खुलकर अपनी बात कह सकें। इस पहल से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ रहा है और वे अपने अधिकारों के प्रति भी जागरूक हो रही हैं। महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर किया जाता है जागरूक उन्होंने बताया कि सम्मेलन में घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, बाल विवाह और साइबर अपराध जैसे विषयों पर जानकारी दी जाती है। साथ ही महिलाओं को 1090 (वूमेन पावर लाइन), 112 (पुलिस), 181 (महिला हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) जैसे जरूरी नंबरों की जानकारी भी दी जाती है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद मिल सके। CPU से छोटी समस्याओं का होगा मौके पर समाधान मुथा अशोक जैन ने बताया कि कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट (CPU) के जरिए पुलिस अधिकारी सीधे लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनते हैं। कोशिश रहती है कि छोटे सामाजिक और पारिवारिक विवाद बातचीत के जरिए वहीं सुलझ जाएं और लोगों को थाने के चक्कर न लगाने पड़ें। इससे पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास भी बढ़ रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *