गोंडा में मोहर्रम जुलूस पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था:एसपी ने देर रात किया अलम जुलूस का निरीक्षण, ड्रोन से जुलूस की निगरानी के निर्देश।


गोंडा में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। जिले भर में निकलने वाले जुलूसों और धार्मिक आयोजनों पर लगातार नजर रखी जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। पुलिस प्रशासन आधुनिक तकनीक का भी उपयोग कर रहा है, जिसके तहत विभिन्न स्थानों पर ड्रोन कैमरों से जुलूसों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है। पुलिसकर्मी और अधिकारी रात के समय भी गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। देर रात पुलिस अधीक्षक (एसपी) गोंडा विनीत जायसवाल ने कोतवाली नगर क्षेत्र में शिया समुदाय द्वारा निकाले गए अलम के जुलूस का निरीक्षण किया। उन्होंने जुलूस के मार्ग, सुरक्षा प्रबंधों और पुलिस बल की तैनाती का जायजा लिया। एसपी जायसवाल ने संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को जुलूस को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाए। एसपी ने चेतावनी दी कि माहौल खराब करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए शांति और सद्भाव बनाए रखने का आग्रह किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक, क्षेत्राधिकारी नगर आनंद राय और नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने बताया कि मोहर्रम पर्व के दौरान जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि सभी धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *