![]()
गाजीपुर में शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे ससुराल पक्ष से विवाद के दौरान फायरिंग हो गई। घटना में 14 साल के लड़के के पैर में छर्रा लग गया। वहीं आरोपी के ससुर मारपीट में गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस के अनुसार, फायरिंग का आरोपी कुंदन सिंह फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। मामला करंडा थाना क्षेत्र के बेलसरी गांव का है। विवाह विच्छेद के मामले को लेकर हुआ विवाद पुलिस के अनुसार, गाजीपुर निवासी कुंदन सिंह अपने परिचित अनिल बिंद के घर आया था। उसका ससुराल पक्ष से विवाह विच्छेद संबंधी मामला चल रहा है। इसी सिलसिले में वह बेलसरी गांव पहुंचा था। यहां ससुराल पक्ष के लोगों से उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ा तो 12 बोर के तमंचे से फायरिंग आरोप है कि कहासुनी के बाद विवाद और मारपीट बढ़ गई। इसी दौरान कुंदन सिंह ने 12 बोर के तमंचे से फायरिंग कर दी। फायरिंग में 14 वर्षीय आर्यन यादव के बाएं पैर की जांघ में छर्रा लग गया। वहीं, कुंदन सिंह के ससुर बृजेश यादव के सिर में भी गंभीर चोट आई। पुलिस के मुताबिक बृजेश को चोट मारपीट के दौरान लगी है। मेडिकल कॉलेज में कराया इलाज फायरिंग की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायल आर्यन और बृजेश को तत्काल गाजीपुर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां दोनों को प्राथमिक उपचार दिया गया। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस एसपी सिटी राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना के बाद कुंदन सिंह फरार है। परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटनास्थल और विवाद के दौरान मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच एसपी सिटी के अनुसार, कुंदन सिंह के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। इसके साथ ही फायरिंग में इस्तेमाल किए गए 12 बोर के तमंचे और घटना की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।
Source link
गाजीपुर में ससुराल पक्ष से विवाद के बाद फायरिंग:14 साल के किशोर की जांघ में लगा छर्रा, ससुर भी घायल; आरोपी फरार