गाजीपुर में किसान की मौत: 3 पर FIR, अमीन सस्पेंड:बिजली विभाग की विजिलेंस टीम पर वसूली के दबाव का आरोप


गाजीपुर में बिजली विभाग की कथित वसूली से परेशान एक किसान-पान विक्रेता की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के आदेश पर बिजली विभाग की विजिलेंस टीम के तीन सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि एक अमीन को निलंबित कर दिया गया है। यह घटना सैदपुर थाना क्षेत्र के मुरादचक गांव की है। मृतक सुरेंद्र कश्यप के बेटे शुभम कश्यप के अनुसार, सितंबर-अक्टूबर 2025 में बिजली विभाग की विजिलेंस टीम ने उनके घर पर छापा मारा था। टीम ने सुरेंद्र पर बिजली चोरी का आरोप लगाते हुए 65,190 रुपये का भारी जुर्माना लगाया था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार यह राशि जमा नहीं कर सका। इसके बाद सुरेंद्र कश्यप के नाम पर 1 लाख 12 हजार 225 रुपये की आरसी (राजस्व वसूली प्रमाणपत्र) जारी कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि जुर्माने और आरसी की वसूली के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था, जिससे सुरेंद्र गहरे मानसिक तनाव में थे। परिजनों के मुताबिक, इसी प्रताड़ना से तंग आकर 15 जून 2026 की सुबह सुरेंद्र कश्यप ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उन्हें तत्काल सीएचसी सैदपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने विजिलेंस टीम के जेई दीपक कुमार, एसआई उदयभान और हेड कांस्टेबल कैलाश भारती के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वसूली से जुड़े एक अमीन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और जांच जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *