गाजियाबाद में 10 क्विंटल छेना रसगुल्ला नष्ट कराया:4 सैंपल लिए, केमिकल से बनाने का शक, खाद्य विभाग की छापेमारी से मचा हड़कंप


गाजियाबाद में रक्षाबंधन और कृष्ण जन्माष्टमी जैसे त्योहारों से पहले सोमवार देर शाम खाद्य विभाग की तीन टीमों ने क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के भीमनगर में छापेमारी की। करीब दो घंटे चली कार्रवाई में टीम ने लगभग 10 क्विंटल छेना रसगुल्ला जब्त कर मौके पर ही नष्ट करा दिए। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग खाद्य पदार्थों के 4 सैंपल भी लिए गए हैं। सैंपल जांच के लिए लैब भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सचिन छेना स्टोर पर पहुंची टीम, 10 क्विंटल रसगुल्ला मिला खाद्य विभाग की टीम ने भीमनगर स्थित सचिन छेना स्टोर पर छापा मारा। यह फर्म सर्वोदय नगर निवासी उदय सिंह की बताई गई है। जांच के दौरान मौके पर बड़ी मात्रा में तैयार छेना रसगुल्ला मिला। अधिकारियों के मुताबिक, प्रथम दृष्टया इसकी गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। इसके बाद टीम ने करीब 10 क्विंटल रसगुल्ला नष्ट करा दिया, ताकि इसे बाजार में बेचने के लिए भेजा न जा सके। कार्रवाई के दौरान टीम ने तैयार रसगुल्ला, अरारोट, पनीर और सेफोलाइट के सैंपल लिए हैं। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। विभाग के मुताबिक, सेफोलाइट में सोडियम फॉर्मेल्डिहाइड सल्फोक्सिलेट जैसे रसायन का इस्तेमाल किया जाता है। अब लैब रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि खाद्य पदार्थों में किसी प्रतिबंधित या मानक के विपरीत पदार्थ का इस्तेमाल हुआ था या नहीं। छापेमारी की खबर मिलते ही कई दुकानें बंद त्योहारों के चलते मिठाइयों और दूध से बने उत्पादों की मांग बढ़ गई है। इसी को देखते हुए खाद्य विभाग ने मिठाई की दुकानों, डेयरी और दूसरे खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच तेज कर दी है। सोमवार की कार्रवाई के दौरान आसपास के कई दुकानदारों में भी हड़कंप मच गया। छापेमारी की सूचना मिलते ही कुछ दुकानें बंद हो गईं। 4 दिन पहले भोजपुर में पकड़ा था मिलावटी पनीर-मावा इससे पहले करीब चार दिन पहले मोदीनगर के पास भोजपुर में भी खाद्य विभाग ने कार्रवाई की थी। टीम ने वहां बड़ी मात्रा में संदिग्ध पनीर, मावा और अन्य खाद्य सामग्री जब्त की थी। विभाग को शिकायत मिली थी कि इलाके में छेना, मावा, केक और घेवर में मिलावट कर इन्हें तैयार किया जा रहा है। इसके बाद टीम ने जांच अभियान और तेज कर दिया। डीएम ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश त्योहारों को देखते हुए डीएम गाजियाबाद रविंद्र कुमार मांदड़ ने खाद्य विभाग को मिलावट के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से शिकायत मिलने पर तत्काल जांच करने और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल लेने को कहा गया है। खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, सैंपल की रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों तक मिलावट के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *