गाजियाबाद में परीक्षा के बाद छात्रों में मारपीट:हेलमेट-ईंट से हमला, दो गिरफ्तार


गाजियाबाद के सिहानीगेट थाना क्षेत्र में परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन नाबालिग लड़कों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। यह घटना 31 मार्च 2026 को डीपीएसजी स्कूल, लोहियानगर के सामने हुई। परीक्षा देकर बाहर निकले निक कुमार और उनके दोस्त रोहित पर गीता संजय मेमोरियल स्कूल के छात्र आदित्य प्रजापति और उनके फुफेरे भाई दीक्षांत प्रजापति समेत अन्य साथियों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने हेलमेट और ईंट के टुकड़ों से मारपीट की। बताया जा रहा है कि छात्रों के बीच पहले भी किसी बात को लेकर विवाद हो चुका था। हमले में निक कुमार और रोहित घायल हो गए। रोहित को सिर में हल्की चोट आई, जबकि निक कुमार को गंभीर चोट लगने पर बेहोशी की हालत में यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। घायल छात्र के पिता सुनील कुमार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया, मेडिकल रिपोर्ट देखी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान क्रिश कीरवाल उर्फ चिराग और तरुण सिंह के नाम सामने आए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही तीन बाल अपचारियों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि घटना में इस्तेमाल किए गए दो हेलमेट और ईंट के टुकड़े बरामद कर लिए गए हैं। मामले में शामिल अन्य युवकों की पहचान की जा रही है और सभी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *