25 शिक्षक-कर्मचारियों के लंबित वेतन और एरियर को मंजूरी:मुरादाबाद डीआईओएस कार्यालय ने भुगतान आदेश जारी किया


मुरादाबाद जिले के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में काम करने वाले 25 शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को जल्द ही उनका बकाया भुगतान मिलेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय ने इन कर्मचारियों के लंबित वेतन, चयन वेतनमान, प्रोन्नत वेतनमान, एसीपी और वेतन वृद्धि एरियर समेत अन्य बकायों के भुगतान के लिए आदेश जारी कर दिया है। डीआईओएस कार्यालय की तरफ से जारी लिस्ट में कई स्कूलों के कर्मचारी शामिल हैं। इनमें किसान शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज सहसपुरी, फलाहे दारेन इंटर कॉलेज, अब्बास इंटर कॉलेज, जीजी हिंदू इंटर कॉलेज, जेएलएम इंटर कॉलेज कुंदरकी, आरपी विद्या मंदिर इंटर कॉलेज स्योडारा, किसान इंटर कॉलेज जहांगीरपुर और किसान इंटर कॉलेज अगवानपुर के कर्मचारी हैं। कर्मचारियों के बकाया भुगतान की अवधि अलग-अलग है। कई मामलों में तो साल 2018 से लंबित बकायों का भुगतान किया जाएगा। इस लिस्ट में आरपी विद्या मंदिर इंटर कॉलेज स्योडारा के कर्मचारी फूल सिंह का 1,61,632 रुपये का एसीपी बकाया शामिल है। किसान इंटर कॉलेज जहांगीरपुर के जयवीर सिंह को लंबित वेतन, वेतन वृद्धि और बोनस के तीन अलग-अलग मदों में कुल 1.51 लाख रुपये से ज्यादा का भुगतान मिलेगा। इसके अलावा, दूसरे कर्मचारियों के भी हजारों रुपये के बकाया स्वीकृत किए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि भुगतान करने से पहले सभी बकायों की दोबारा जांच कर लें। खास तौर पर यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसी कर्मचारी को पहले उसी बकाया का भुगतान न हुआ हो। अगर किसी भी स्तर पर जानकारी छिपाई जाती है या दोहरा भुगतान पाया जाता है, तो संबंधित कर्मचारी से नियमों के हिसाब से पैसे की वसूली की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *