गांधी उद्यान के सामने बनेगा भव्य गौतम बुद्ध चौक:नाथ कॉरिडोर से चमकेगी बरेली, चौराहे का होगा कायाकल्प, सुगम होगा ट्रैफिक, बीडीए ने तैयार किया मास्टर प्लान


नाथ कॉरिडोर के तहत बरेली को भव्य और दिव्य स्वरूप देने की कवायद तेज हो गई है। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने गांधी उद्यान के सामने स्थित चौराहे के पुनर्विकास की रूपरेखा तैयार की है। योजना के अनुसार, इस पूरे इलाके का समग्र कायाकल्प किया जाएगा, जिससे ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी और आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा। इस चौराहे पर भगवान गौतम बुद्ध की भव्य प्रतिमा स्थापित कर इसे आधिकारिक तौर पर ‘गौतम बुद्ध चौक’ के रूप में पहचान दी जाएगी। गांधी उद्यान परिसर में बनेगी आकर्षक फोकस वॉल
सौंदर्यीकरण की कड़ी में गांधी उद्यान परिसर में नाथ नगरी की धार्मिक आभा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती विशेष फोकस वॉल भी तैयार की जाएगी। यह वॉल नाथ कॉरिडोर की थीम पर आधारित होगी, जो शहरवासियों के साथ पर्यटकों को भी आकर्षित करेगी और पूरे इलाके को एक विशिष्ट रूप देगी। समिति ने प्रस्ताव का स्वागत कर दिए अहम सुझाव
प्रस्तावित योजना को लेकर गौतम बुद्ध पार्क समन्वय संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय से मुलाकात की। समिति ने चौक के नामकरण और प्रतिमा स्थापना के फैसले का स्वागत करते हुए इसे बौद्ध समाज की भावनाओं के अनुरूप बताया। साथ ही, पार्क में स्तूपाकार प्रवेश द्वार बनाने और मार्ग पर भगवान बुद्ध के धम्म उपदेशों को प्रदर्शित करने के सुझाव भी दिए। हर वर्ग तक पहुंचेगा विकास का लाभ: बीडीए उपाध्यक्ष
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय ने कहा कि यह परियोजना मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप शहर की पहचान, आस्था और संस्कृति को संवारने की दिशा में बड़ा कदम है। शहर का विकास इस तरह किया जा रहा है कि उसका सीधा फायदा हर नागरिक तक पहुंचे। चौराहे के कायाकल्प, भव्य प्रतिमा और गांधी उद्यान की फोकस वॉल से नाथ कॉरिडोर को नई भव्यता मिलेगी। उन्होंने समिति द्वारा दिए गए रचनात्मक सुझावों को भी विकास प्रक्रिया में शामिल करने का भरोसा दिया। दिशा-निर्देशन में तेजी से आगे बढ़ रहे विकास कार्य
नाथ कॉरिडोर से जुड़े तमाम विकास कार्य कमिश्नर बरेली शंभू कुमार के संरक्षण एवं दिशा-निर्देशन में तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। शहर के सभी प्रमुख स्थलों को बेहतर ट्रैफिक, आधुनिक सुविधाओं, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हुए सर्वांगीण विकास का रोडमैप जमीन पर उतारा जा रहा है। बैठक में मौजूद समिति के सदस्यों ने पूरी कार्ययोजना पर अपनी सहमति जताते हुए प्रशासन की इस पहल को सराहा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *