गर्रा नदी में डूबने से किशोर की मौत:3 घंटे बाद मिला शव, परिजनों ने किया हंगामा


हरदोई के शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के बासित नगर गांव में मंगलवार शाम एक किशोर की गर्रा नदी में डूबने से मौत हो गई। 16 वर्षीय शिवम कुमार कुशवाहा का शव करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से नदी से बाहर निकाला जा सका। बासित नगर निवासी राम सिंह का पुत्र शिवम कुमार कुशवाहा अपने तीन दोस्तों अंकुल, अंचित और लक्खा के साथ पिपरिया गांव में टेंट का सामान उतारने गया था। वापस लौटते समय चारों दोस्तों ने पिपरिया नदी में नहाने का फैसला किया। शिवम अपने कपड़े उतारकर सबसे पहले नदी में उतरा, लेकिन पानी गहरा होने के कारण वह डूबने लगा। दावा है कि उसे डूबता देख उसके तीनों साथी डर के मारे मौके से भाग हो गए। आसपास के लोगों को जब हादसे की जानकारी हुई, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने बचाव कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताई और जाम लगाने का प्रयास किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी (शाहाबाद सर्किल) आलोक राज नारायण और शाहाबाद कोतवाल अरविंद राय ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और बचाव अभियान तेज करवाया। इसके बाद रात करीब 8 बजे शिवम के शव को बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक शिवम के परिवार में तीन भाई और चार बहनें हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *