फर्जी काग़ज़ मामले में पूर्वजिला आपूर्ति समेत छह की शिकायत:दत्तक पुत्र बनकर दुकान हड़पने का है आरोप, अदालत पहुंचा मामला


आगरा में सरकारी राशन की दुकान हड़पने के लिए फर्जी गोदनामा तैयार कराने और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की मिलीभगत का आरोप लगाया गया है। रकाबगंज निवासी राहुल कश्यप ने तत्कालीन क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, जिला आपूर्ति अधिकारी समेत छह लोगों के खिलाफ अदालत में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। सीजेएम शारिब अली ने मामले में आज आख्या तलब करने के आदेश दिए हैं। आख्या आने के बाद अदालत आगे की कार्रवाई तय करेगी। दत्तक पुत्र बनकर दुकान अपने नाम कराने का आरोप राहुल कश्यप ने शिकायत में आरोप लगाया कि दयालबाग निवासी रोहित बंसल ने शांति देवी निवासी नया बांस, लोहामंडी की सरकारी राशन की दुकान हड़पने के लिए फर्जी गोदनामा तैयार कराया। शिकायत के अनुसार, शांति देवी की कोई संतान नहीं थी। उनकी मृत्यु के बाद खातीपाड़ा स्थित उनकी सरकारी राशन की दुकान रिक्त हो गई थी। आरोप है कि रोहित बंसल ने सेवला स्थित विनय गोयल के जनसेवा केंद्र से खुद को शांति देवी का दत्तक पुत्र बताते हुए गोदनामा तैयार कराया। इसके बाद कोटेदार रवि दुबे और आपूर्ति कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों की मिलीभगत से सरकारी राशन की दुकान अपने नाम आवंटित करा ली। शिकायत करने पर धमकी देने का भी आरोप शिकायतकर्ता का आरोप है कि मामले की शिकायत करने पर उसे जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। राहुल कश्यप के अनुसार, रोहित बंसल ने अपने करीबी कोटेदार के माध्यम से उसके खिलाफ झूठी प्राथमिकी भी दर्ज कराई, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। शिकायतकर्ता ने अदालत से सभी छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच कराने की मांग की है। मामले में आज आख्या तलब की जाएगी। इसके बाद अदालत शिकायत पर आगे की कार्रवाई तय करेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *