गंगा का जलस्तर 24 घंटे में 56 सेमी बढ़ा:शुक्लागंज में चेतावनी बिन्दु से डेढ़ मीटर दूर, परमट घाट पर बैरिकेडिंग और सावधान करेने के बैनर लगाए


कानपुर में गंगा का जलस्तर फिर तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार सुबह 8 बजे शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 111.53 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी बिंदु 113 मीटर से महज डेढ़ मीटर नीचे है। सावन के सोमवार पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए परमट घाट की ओर बैरिकेडिंग कर दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल घाट के किनारे तैनात किया गया है। घाट की दीवारों पर चेतावनी के बैनर भी लगा दिए गए है। पिछले 24 घंटे में गंगा का जलस्तर 56 सेंटीमीटर बढ़ा है। रविवार को जलस्तर 110.97 मीटर था, जो सोमवार सुबह बढ़कर 111.53 मीटर पहुंच गया। सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन लगातार जलस्तर की निगरानी कर रहे हैं। बैराज से 2.24 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया
सोमवार सुबह कानपुर गंगा बैराज से 2,24,021 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया। वहीं नरौरा से 1,53,171 क्यूसेक और हरिद्वार से 93,702 क्यूसेक पानी गंगा में पहुंचा। बैराज से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बावजूद जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बारिश से और बढ़ सकता है जलस्तर
प्रशासन का अनुमान है कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों और पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश के चलते आने वाले दिनों में गंगा का जलस्तर और बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए एहतियाती कदम पहले से उठाए जा रहे हैं। बैराज के 30 गेट खुले, घाटों पर जाने से रोक
जिला प्रशासन पहले ही गंगा बैराज के 30 गेट खोल चुका है। जलस्तर बढ़ने के साथ गेटों का गेज भी बढ़ाया जा रहा है ताकि पानी की निकासी सुचारु बनी रहे। प्रशासन ने घाटों की सीढ़ियों और नदी किनारे नीचे उतरने पर रोक लगा दी है। गंगा बैराज पर नाव संचालन भी प्रतिबंधित है, जबकि अन्य घाटों से कटरी क्षेत्र के गांवों से आने जाने के लिए नियमानुसार नावों का संचालन किया जा रहा है। परमट घाट पर बैरिकेडिंग, चेतावनी वाले बैनर लगाए
सावन के सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए परमट मंदिर घाट की ओर बैरिकेडिंग कर दी गई है। घाट पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। घाट की दीवारों पर चेतावनी संबंधी बैनर लगाए गए हैं, जिनमें लोगों से अपील की गई है कि गंगा का पानी गहरा है, इसलिए घाट की सीढ़ियों से नीचे न उतरें और नदी के किनारे जाने से बचें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *