![]()
हरदोई में दो युवकों के अपहरण का प्रयास किया गया। दवा लेने जा रहे शहर के ऊंचा थोक निवासी प्रभात मिश्रा और सोनू अग्निहोत्री को कुछ लोगों ने जबरन कार में बैठा लिया। आरोपियों ने दोनों की पिटाई की और बाद में बिलग्राम चुंगी पर छोड़कर फरार हो गए। इस घटना में प्रभात और सोनू को चोटें आई हैं। घटना बुधवार रात हुई है। प्रभात की मां मीनू मिश्रा के शिकायती पत्र के आधार पर पुलिस ने 10 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास के इरादे से अपहरण की धारा में गुरुवार को मुकदमा दर्ज किया है। ऊंचा थोक निवासी प्रभात मिश्रा और उनके पड़ोसी दोस्त सोनू अग्निहोत्री बुधवार रात अपनी बहन के लिए दवा लेने जा रहे थे। इसी दौरान प्रभात के परिचित अभय ने उन्हें फोन कर शहर कोतवाली क्षेत्र के बावन रोड स्थित बाईपास पर बुलाया। प्रभात के अनुसार, वहां पहले से ही विभूति नगर निवासी रामबाबू शुक्ला, सोनू शुक्ला, अमित शुक्ला, मोनू, मनीष शुक्ला, रद्देपुरवा रोड निवासी हर्षित, राधा नगर निवासी आदित्य, शरद द्विवेदी, मोमीनाबाद निवासी मून उस्मानी, लखनऊ रोड निवासी अमन यादव और कुछ अज्ञात लोग मौजूद थे। इन सभी आरोपियों ने दोनों दोस्तों को जबरदस्ती कार में बैठा लिया। आरोप है कि कार में ले जाते समय आरोपियों ने दोनों युवकों की बेरहमी से पिटाई की, जिससे प्रभात और सोनू को गंभीर चोटें आईं। बाद में आरोपी उन्हें बिलग्राम चुंगी के पास छोड़कर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने युवकों को पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने दोनों युवकों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती कर लिया। प्रभात ने बताया कि कुछ दिन पहले सर्कुलर रोड स्थित एक मैरिज लॉन में उनके दोस्त और आरोपी रामबाबू शुक्ला व उसके साथियों के बीच विवाद हुआ था। प्रभात का दावा है कि रामबाबू उस दोस्त से मिलवाने का दबाव बना रहा था। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने जानकारी दी कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास के इरादे से अपहरण की धारा में केस दर्ज किया गया है। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
Source link
कार में बैठाकर दो युवकों की पिटाई की:पुलिस ने 10 नामजद समेत अज्ञात पर अपहरण का केस किया दर्ज