![]()
कानपुर में भीषण गर्मी और तपिश से जूझ रहे शहरवासियों को मौसम के बदले मिजाज ने कुछ राहत दी है। सुबह से आसमान में बादल छाए रहने के कारण मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा। लोगों को तेज धूप से राहत मिली। हालांकि, गुरुवार दोपहर तेज धूप के बीच महज 15 मिनट की बारिश ने उमस बढ़ा दी। अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। फिलहाल आज शुक्रवार को आंधी के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। गुरुवार दोपहर बाद हुई बारिश गुरुवार की बात करें तो दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान में घने बादल छा गए। इसके बाद शहर के कई हिस्सों में करीब 20 मिनट तक हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने गर्मी से राहत दिलाई और तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। बारिश के बाद उमस ने किया बेहाल हालांकि राहत ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। बारिश थमते ही गर्म जमीन से निकलने वाली नमी और भाप ने उमस को बढ़ा दिया। शाम होते-होते लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा। देर शाम तक गर्म हवाओं से तो राहत रही, लेकिन बढ़ी हुई नमी ने लोगों को परेशान किए रखा। रात में भी उमस का असर बना रहा और लोग पसीने से तरबतर नजर आए। सीएसए की मौसम रिपोर्ट के अनुसार न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी बढ़ी मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि नमी का बहाव बढ़ रहा है। जिसकी वजह से बूंदाबांदी व बादल छाने जैसी स्थितियां बन रही हैं। इस समय कई साइक्लोनिक सर्कुलेशन व यूपी के ऊपर बादलों की श्रंखला बनी हुई है। जिसकी वजह से बादल छा सकते हैं लेकिन बादल छंटने के बाद तेज धूप निकल सकती है। उमस से फिलहाल राहत मिलने के आसार कम हैं।
Source link
कानपुर में आज आंधी-बूंदाबांदी के आसार:एक दिन पहले 15 मिनट की बारिश ने बढ़ाई उमस, पारा 39.6 डिग्री पहुंचा