कानपुर देहात में 18 घंटे से लगातार बारिश:प्रभारी मंत्री डॉ. संजय निषाद ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को किया अलर्ट


कानपुर देहात में पिछले 18 घंटों से हो रही लगातार बारिश के कारण संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। प्रभारी मंत्री डॉ. संजय निषाद ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद की बाढ़ तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। इस समीक्षा बैठक में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक और भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ऑनलाइन जुड़े। कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी सहित आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री डॉ. निषाद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने बाढ़ संभावित और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मंत्री ने कहा कि आमजन की सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी मुस्तैदी से कार्य करें। बैठक में बताया गया कि जिले के बाढ़ संभावित क्षेत्रों में बाढ़ चौकियां स्थापित कर दी गई हैं। इसके साथ ही 24 घंटे सक्रिय रहने वाला कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। राहत कार्यों के लिए नाविकों और गोताखोरों को चिन्हित कर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जबकि संसाधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फसलों का समयबद्ध सर्वे कराया जाए और पात्र किसानों को फसल बीमा का लाभ दिलाया जाए। इसके अलावा गांवों में हेल्पलाइन नंबरों, बचाव उपायों और आपदा संबंधी जानकारी वाले पोस्टर एवं बैनर लगाने के भी निर्देश दिए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर लोग तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें।

बैठक में पशुधन की सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए चारा, दवाइयां और चिकित्सीय सुविधाएं पहले से उपलब्ध कराई जाएं।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने भरोसा दिलाया कि शासन के सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहते हुए संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियां और जनसामान्य को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से भी सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में कंट्रोल रूम से संपर्क करने की अपील की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *