कांग्रेस सांसद बोले-छात्रों को लगी एक-एक लाठी का हिसाब लेंगे:पूछेंगे कि लाठियों पर कीले क्यों थीं; राम गोपाल ने कहा- कानून से पेपर लीक नहीं रुकेगा


संसद के मानसून सत्र में आज यानी सोमवार को पेपर लीक कानून संशोधन बिल पर चर्चा होगी। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा- किस चीज पर चर्चा होगी। जरा सजा बढ़ा दी? नियम तो पहले भी थे, कानून भी था, उसका एक भ्रष्ट मंत्री ने पालन नहीं किया। तो चर्चा तो उस पर होगी। अब जो आप आगे के लिए लाएं हैं, वो तो उतना महत्वपूर्ण नहीं है। उन्होंने कहा- कांग्रेस पार्टी युवा छात्रों पर चली एक-एक लाठी का हिसाब लेगी। पूछेंगे कि लाठियों पर कील क्यों लगी थी? पेलेट गन जब कश्मीर में रुक गई है, तो यहां क्यों चली? किसके आदेश से चली? हम यह भी पूछेंगे कि क्या अब देश के नवजवानों पर AK-47 चलाई जाएगी? बेटियों पर जो एक्शन हुआ, कोई सभ्य सरकार नहीं कर सकती। उसका हिसाब देने के लिए गृह मंत्री जी तैयार रहें। वहीं, समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा- राम मंदिर चंदा चोरी का मामला करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा प्रश्न है। लोगों को बहुत कष्ट हुआ है। यूपी सरकार की लापरवाही से हुआ है। इन्होंने उनके चंदे की कोई परवाह नहीं की है। पेपर लीक पर नए कानून को लेकर उन्होंने कहा- कानून से कोई पेपर लीक नहीं रुकता है। जब तक उसे लागू करने वाले ईमानदार न हों और ईमानदार लोगों के ही हाथों में पेपर सेटिंग के साथ प्रिंटिंग न हो। तब तक जैसा चाहे कानून बनाइए, यह गड़बड़ी होती रहेगी। बता दें कि संसद में सोमवार को पेपर लीक की रोकथाम से जुड़ा बिल पेश किया गया। इस बिल का नाम ‘पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन बिल, 2026’ है। इसके जरिए 2024 में बने कानून में बदलाव किए जाएंगे। आरोपियों के खिलाफ कड़ी सजा और भारी जुर्माने का प्रावधान होगा। राज्य सरकारें और केंद्र शासित प्रदेश विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट बना सकेंगे। इन अदालतों में रोजाना सुनवाई होगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *