VBS Purvanchal University Jaunpur | VC Rakesh Singh New Class Rule

अंकित श्रीवास्तव | जौनपुर5 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

जौनपुर के वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में शिक्षकों के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। अब क्लास चलने के दौरान किसी भी शिक्षक को कुलपति कार्यालय या प्रशासनिक भवन में नहीं बुलाया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह फैसला विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने से रोकने के लिए लिया है। नई व्यवस्था में शिक्षक के लिए तय क्लास का समय सबसे ऊपर रखा गया है।

कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने सभी संकायों और विभागों से छात्र-छात्राओं का टाइम टेबल और शिक्षकों का उपस्थिति रजिस्टर मंगवाया है। इसका उद्देश्य क्लास संचालन और शिक्षकों की उपलब्धता की सही जानकारी रखना है, ताकि किसी शिक्षक को बिना जरूरी वजह के क्लास छोड़कर प्रशासनिक भवन न जाना पड़े और कोई कक्षा खाली न रहे।

विश्वविद्यालय में अब किसी शिक्षक से जरूरी प्रशासनिक काम के लिए संपर्क करने से पहले उसका टाइम टेबल देखा जाएगा। अगर उस समय शिक्षक की क्लास लगी है तो उसे कक्षा से हटाकर कार्यालय नहीं बुलाया जाएगा। प्रशासनिक भवन या कुलपति कार्यालय में बुलाने के बजाय क्लास खत्म होने के बाद ही शिक्षक से संपर्क किया जाएगा।

कुलपति को मिलना हो तो भी पहले देखा जाएगा टाइम टेबल

नई व्यवस्था में कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह भी किसी शिक्षक से मिलना चाहें तो पहले उसका क्लास शेड्यूल देखा जाएगा। अगर उस समय शिक्षक विद्यार्थियों को पढ़ा रहा है तो उसे क्लास छोड़कर कार्यालय आने के लिए नहीं कहा जाएगा। इससे पढ़ाई के दौरान होने वाली अनावश्यक रुकावट को रोका जा सकेगा।

टाइम टेबल और उपस्थिति रजिस्टर से होगी निगरानी

कुलपति ने सभी विभागों से टाइम टेबल और शिक्षकों का उपस्थिति रजिस्टर इसलिए मंगवाया है, ताकि विश्वविद्यालय प्रशासन के पास क्लास संचालन की स्पष्ट जानकारी रहे। इससे यह भी पता लगाया जा सकेगा कि कौन सा शिक्षक किस समय कक्षा में उपलब्ध है। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि तय समय पर कक्षाएं चलती रहें और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

रविवार को भी चल रहा जरूरी प्रशासनिक काम

कुलपति के निर्देश पर विश्वविद्यालय में पिछले करीब दो सप्ताह से रविवार की छुट्टी के दिन भी जरूरी प्रशासनिक काम कराए जा रहे हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को लंबित और अधूरे कामों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक कामों के लिए अलग समय का इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि नई व्यवस्था में क्लास के तय समय को प्राथमिकता दी गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *