गोंडा में सड़क हादसे में युवक की मौत:नशे में बाइक चला रहा था, संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा, दाहिना पैर पूरी तर कुचल चुका था


गोंडा में अयोध्या-गोरखपुर हाईवे पर मंगलवार देर रात सड़क हादसे में 35 साल के युवक की मौत हो गई। हादसा महेशपुर बाईपास के पास रात करीब दो बजे हुआ। सड़क पर गंभीर रूप से घायल पड़े युवक को देखकर वहां से गुजर रहे एक समाजसेवी ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद उसे अयोध्या मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में आशंका है कि युवक शराब के नशे में था और बाइक पर नियंत्रण खोने से हादसा हुआ। रात दो बजे हाईवे पर पड़ा मिला युवक, राहगीर ने दिखाई इंसानियत मंगलवार देर रात अयोध्या-गोरखपुर हाईवे पर महेशपुर बाईपास के पास एक युवक सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसी दौरान वहां से गुजर रहे समाजसेवी रितेश मिश्रा की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने बिना समय गंवाए अपनी गाड़ी रोकी और तुरंत नवाबगंज पुलिस तथा 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस कर्मियों ने घायल को उठाकर अयोध्या मेडिकल कॉलेज भेजा। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बाइक पर नहीं रहा नियंत्रण, दाहिना पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय युवक शराब के नशे में था। आशंका है कि अत्यधिक नशे के कारण वह बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक का दाहिना पैर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी जान चली गई। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए आसपास के हालात और साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। पहचान नहीं हो सकी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस हादसे के कई घंटे बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। नवाबगंज थाना और लकड़मंडी चौकी पुलिस आसपास के गांवों और थानों में जानकारी जुटाने के साथ-साथ पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने शव को अयोध्या मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के समय की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके और युवक की पहचान में मदद मिल सके। पहचान के बाद होगा पोस्टमार्टम नवाबगंज थाना प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि महेशपुर बाईपास के पास देर रात सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है। फिलहाल शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहचान होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद परिजनों की तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *