कांग्रेस ने UPI पर चार्ज के खिलाफ किया प्रदर्शन:चंदौली कलेक्ट्रेट में की नारेबाजी, कहा- मोदी सरकार जनता की कमाई लूट रही


शुक्रवार को चंदौली जिला मुख्यालय पर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रभारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें बताईं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार यूपीआई के जरिए टैक्स वसूल रही है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि ‘पे टू एटीएम’ का मतलब ‘पे टू मोदी’ हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता की गाढ़ी कमाई लूटने के लिए यह नया कानून लागू किया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था को आम नागरिकों और छोटे व्यापारियों के फायदे के लिए बनाया गया था। लेकिन भाजपा सरकार ने यह नियम लागू कर आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ाया है। उन्होंने मांग की कि यूपीआई पर लगाया गया टैक्स वापस लिया जाए। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण देश की जनता पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रही है। अब यूपीआई भुगतान में नया शुल्क लगाने के फैसले ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। उन्होंने बताया कि व्यापारियों में इस अतिरिक्त आर्थिक बोझ को लेकर चिंता है। मुन्ना ने बताया कि नए नियमों के तहत 2000 रुपये से ज्यादा के लेनदेन पर व्यापारी को टैक्स देना होगा। व्यापारिक संगठन भी इस नई व्यवस्था का लगातार विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार के इस नए नियम का कड़ा विरोध करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने यूपीआई पर लगाया गया टैक्स वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेंगे। इस प्रदर्शन में बृजेश गुप्ता, मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, राजेंद्र गौतम, सतीश बिंद, गंगा प्रसाद, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, दयाराम पटेल, माधवेंद्रमूर्ति ओझा, नवीन पांडेय और शिवेंद्र मिश्रा समेत कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *