कहीं एग्जिट बंद तो कहीं अधूरे मिले सुरक्षा इंतजाम:नगर मजिस्ट्रेट और सीओ ने किया निरीक्षण, नोटिस देकर खामियां दूर करने के निर्देश


मेरठ में चल रहे 72 घंटे के विशेष जांच अभियान के दूसरे दिन बुधवार को प्रशासन ने कोचिंग सेंटरों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। नगर मजिस्ट्रेट नवीन कुमार श्रीवास्तव और सीओ कोतवाली संग्राम सिंह के नेतृत्व में टीम ने ईव्ज चौराहे क्षेत्र स्थित विभिन्न कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। दोपहर करीब 1:30 बजे शुरू हुए निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कोचिंग सेंटरों में अग्निशमन यंत्र, फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन एग्जिट और अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की जांच की। इस दौरान कई संस्थानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई, जिसके बाद संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ कोचिंग सेंटरों में फायर एक्सटींग्विशर निरीक्षण वाले दिन ही रिफिल कराए गए थे। वहीं कई स्थानों पर आपातकालीन एग्जिट पर कबाड़, इन्वर्टर, कूलर और अन्य सामान रखा मिला। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में ऐसे अवरोध छात्रों और कर्मचारियों के सुरक्षित बाहर निकलने में बड़ी बाधा बन सकते हैं। कार्रवाई के दौरान ईव्ज चौराहे स्थित एमआईसीआई कोचिंग तथा बुढ़ाना गेट स्थित इंस्टिट्यूट ऑफ प्रोफेशनल कोर्सेज को नोटिस जारी किया गया। इन संस्थानों में पर्याप्त एग्जिट प्वाइंट न होने और अन्य सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अभियान के दौरान जिन संस्थानों में नियमों का पालन नहीं पाया जाएगा, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। 72 घंटे का यह विशेष निरीक्षण अभियान शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों में लगातार जारी रहेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *