करंट की चपेट आने से बुजुर्ग महिला की मौत:हरदोई में कूड़ा फेंकते समय बिजली का पोल छूने से हुआ हादसा


हरदोई में शुक्रवार सुबह बिजली के खंभे से करंट लगने से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना मझिला थाना क्षेत्र के शहादत नगर में सुबह 7 बजे हुई। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने सुबह 8:21 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। शहादत नगर निवासी मृतक के पुत्र बबलू के अनुसार, मां रामवती (65) घर के आंगन की सफाई के बाद कूड़ा फेंकने जा रही थीं। सुबह लगभग 7 बजे घर से कुछ दूरी पर स्थित घूरे पर कूड़ा फेंकते समय उनका शरीर रास्ते में लगे एक बिजली के पोल से छू गया। दावा है कि पोल में पहले से ही करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट की चपेट में आने से रामवती गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन उन्हें तुरंत एम्बुलेंस से टोडरपुर सीएचसी ले गए। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टर ने सुबह 8:21 बजे रामवती को मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति नरेश का 20 साल पहले निधन हो चुका था। वह अपने बेटे बबलू और दो बेटियों, अनीता व मैंना, के साथ रहती थीं। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि यह हादसा मझिला थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों में बिजली विभाग की कथित लापरवाही को लेकर आक्रोश है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *