कन्नौज में गौकशी के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़:पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, जिला अस्पताल में भर्ती


कन्नौज में गौकशी के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को सोमवार रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बीते चार दिनों में गौकशी के मामले में यह दूसरी पुलिस मुठभेड़ है। पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार रात करीब 10 बजे सदर कोतवाली क्षेत्र की पाल चौराहा चौकी के अंतर्गत हुई। सूचना मिली थी कि गौकशी के मामले में वांछित आरोपी बड़ंका निवासी घमाइचमऊ अपने गांव की ओर जा रहा है। सूचना मिलने पर चौकी पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए इलाके की घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान आरोपी को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह सड़क किनारे झाड़ियों में छिप गया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा है। इससे पहले 9 जुलाई की रात भी गौकशी की सूचना पर कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुठभेड़ में घमाइचमऊ गांव निवासी शाहिद उर्फ सादिक को गिरफ्तार किया था। उस समय बड़ंका मौके से फरार हो गया था। अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि गौकशी के मामले में फरार आरोपी बड़ंका को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *