एसपी भदोही ने कांवड़-यात्रा ड्यूटी पर कर्मियों को ब्रीफ किया:42 किमी मार्ग 4 जोन, 10 सेक्टर में विभाजित; सुरक्षा के कड़े इंतजाम


भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने पुलिस लाइन ज्ञानपुर में श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। उन्होंने बताया कि 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर भीटी बॉर्डर से बाबूसराय तक लगभग 42 किलोमीटर की उत्तरी लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगी और इस मार्ग पर सामान्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पूरे मार्ग को 4 जोन और 10 सेक्टर में विभाजित किया गया है।यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 9 जोनल मजिस्ट्रेट, 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 6 जोनल पुलिस अधिकारी, 8 सब-जोनल पुलिस अधिकारी और 20 सेक्टर पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। कांवड़ियों की सुविधा और आपात स्थिति से निपटने के लिए थाना ऊंज, सीएचसी जंगीगंज, थाना गोपीगंज, सीएचसी गोपीगंज, लालानगर टोल प्लाजा और थाना औराई सहित छह स्थानों पर एंबुलेंस और चिकित्सकीय टीमों की व्यवस्था की गई है। ड्रोन निगरानी, चेकपोस्ट और क्रेन की भी व्यवस्था सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर पांच कटों की बैरिकेडिंग की गई है। भीटी बॉर्डर, बाबूसराय बॉर्डर, धौरहरा बॉर्डर, सहसेपुर और ज्ञानपुर तिराहा पर पांच इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा छह वायरलेस सेट, तीन फायर टेंडर और वाहनों को हटाने के लिए छह क्रेन तैनात की गई हैं। पूरे कांवड़ मार्ग की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जाएगी। 628 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा, कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो प्लाटून पीएसी, फ्लड कंपनी की डेढ़ सेक्शन, 10 चार पहिया और तीन दो पहिया पीआरबी सहित कुल 628 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने सभी अधिकारियों और जवानों को श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करते हुए सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। यात्रा के मद्देनजर पूरे जनपद में धारा 163 बीएनएसएस भी लागू कर दी गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *