![]()
सावन माह और कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे कानपुर जोन की एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ इटावा पहुंचीं। उन्होंने सबसे पहले शहर के प्राचीन नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव भी उनके साथ मौजूद रहे। पूजा के बाद एडीजी ने मंदिर परिसर और कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान एडीजी ने मंदिर परिसर की सीढ़ियों का निरीक्षण करते हुए मंदिर समिति को मजबूत रेलिंग लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सावन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना या असुविधा न हो। इसके बाद एडीजी ने नीलकंठ महादेव मंदिर से जुड़े कांवड़ मार्ग, पुलिस पिकेट, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं और आपातकालीन व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। एडीजी ने यमुना पुल तिराहा उदी, बढ़पुरा सहित विभिन्न संवेदनशील स्थानों और प्रमुख चौराहों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया प्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद एडीजी रिजर्व पुलिस लाइन पहुंचीं, जहां उन्हें सलामी गार्द ने औपचारिक सलामी दी। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा को लेकर की गई सुरक्षा तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। समीक्षा बैठक में एडीजी ने रूट डायवर्जन, महिला सुरक्षा, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, आपदा प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं और अंतरजनपदीय समन्वय की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले अराजक तत्वों और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता एडीजी ने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और त्वरित पुलिस सहायता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। इस दौरान एसपी सिटी अभय नारायण, सीओ सिटी अवनीश कुमार, शहर कोतवाल यशवंत सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
Source link
एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने नीलकंठ मंदिर में किया जलाभिषेक:कांवड़ यात्रा का रूट देखा, मंदिर की सीढ़ियों पर रेलिंग लगाने के निर्देश