ई-रिक्शा बचाने में क्रेटा डिवाइडर पर चढ़ी:जाजमऊ चौराहे पर अराजकता के कारण हादसा, चार युवक बाल-बाल बचे


कानपुर के जाजमऊ चुंगी चौराहे पर रविवार रात 10 बजे एक बड़ा हादसा टल गया। तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई, जिससे उसमें सवार चार युवक बाल-बाल बच गए। यह घटना ई-रिक्शा को बचाने के प्रयास में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा जाजमऊ थाने से वाजिदपुर रोड पर बने डिवाइडर पर रात करीब 10 बजे हुआ। कार की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी, जिसके कारण वह डिवाइडर पर चढ़कर सड़क के बीच में फंस गई। गनीमत रही कि कार पलटी नहीं, अन्यथा गंभीर परिणाम हो सकते थे। कार में सवार हनीफ ने बताया कि वह अपने दोस्त सूफियान, अराफात और यूसुफ के साथ बेकनगंज स्थित चमड़ा मंडी से जाजमऊ में दादा मियां की मजार पर जियारत करने जा रहे थे। जाजमऊ चुंगी चौराहे पर भारी भीड़ और अव्यवस्थित यातायात के बीच अचानक एक ई-रिक्शा सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार का संतुलन बिगड़ गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही जाजमऊ पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं क्षेत्रीय नावेद, अनिल, शाहरुख का कहना है, लगातार इस डिवाइडर में हादसे होते है। कई बार सांकेतिक बोर्ड और सड़क मरम्मत के लिए शिकायत की गई। बावजूद जिम्मेदारों की नींद नहीं खुली। इससे पूर्व 6 महीने में ये पांचवी घटना है। लोगों का कहना है कि जब बड़ा हादसा होगा तब प्रशासन जागेगा। पुलिस ने घटना के बाद क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त कार को डिवाइडर से हटाकर सड़क किनारे किया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अचानक वाहन सामने आने से संतुलन बिगड़ने की बात सामने आई है। मामले की जांच जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *