कानपुर BJP की क्षेत्रीय कार्यसमिति घोषित:संघ घराने की नीतू सिंह उपाध्यक्ष और नड्‌डा के सहायक आदित्य त्रिवेदी महामंत्री बने


कानपुर क्षेत्र की भाजपा टीम का ऐलान हो गया है। गुरुवार की देर शाम भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की सहमति के बाद कानपुर क्षेत्र की क्षेत्रीय कार्यसमिति की घोषणा कर दी गई है। इसमें 10 क्षेत्रीय उपाध्यक्ष में संघ घराने से जुड़ी नीतू सिंह को भी जगह दी गई है। महामंत्री की सूची में केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्‌डा के सहयोगी आदित्य त्रिवेदी को भी जगह दी गई है। नई कार्यसमिति में संगठन ने क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री और सदस्य के रूप में कुल 25 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। नए चेहरों को संगठन में मिली जगह घोषित सूची के मुताबिक 10 क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। इनमें नरेंद्र राजपूत, भुवन प्रकाश गुप्ता, अशोक राजपूत, नीतू सिंह, पवन प्रताप सिंह, अखिलेश नाथ दीक्षित, आशीष कोल, अर्चना त्रिपाठी, अमित समाधिया और अरविंद मुखिया शामिल हैं। इसके अलावा चार क्षेत्रीय महामंत्री बनाए गए हैं। इनमें आनंद सिंह, आदित्य त्रिवेदी, शिवसिंह भारती और राजेश पटेल को स्थान दिया गया है। क्षेत्रीय मंत्री के रूप में आठ पदाधिकारियों को जिम्मेदारी मिली है। इनमें वीरेन्द्र तिवारी, प्रशांत राव चौबे, मनीष तिवारी, सरदार मनजीत सिंह, शिवेन्द्र सिंह शौली, रमेश कुशवाहा, आनंद पटेल, विनोद कुशवाहा, रीता कठेरिया और धीरेंद्र वर्मा शामिल हैं। सुधा मौर्य को कार्यसमिति का सदस्य बनाया गया है। भाजपा की ओर से जारी सूची में कहा गया है कि यह क्षेत्रीय कार्यसमिति प्रदेश अध्यक्ष की संस्तुति के बाद घोषित की गई है। 3 सितंबर 2026 को जारी सूची में कानपुर क्षेत्र के लिए संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय की गई हैं। अब जानिए कौन हैं क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य त्रिवेदी कानपुर के बर्रा-2 अस्सी फीट रोड पर आदित्य त्रिवेदी का पैतृक निवास है। आदित्य दिल्ली में तैयारी करने के दौरान भाजपा से जुड़े और फिर केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्‌डा के बतौर निजी सचिव काम करने लगे। बीते 15 सालों से आदित्य दिल्ली में रहकर जेपी नड्‌डा के बतौर सहयोगी काम कर रहे थे। अब उन्होंने अपना कानपुर के रतनलाल नगर जैना पैलेस के पास नया निवास बनाया है। नड्‌डा का नजदीकी होने के चलते आदित्य के संपर्क में यूपी के साथ ही देश भर के नेता हैं। भाजपा नेताओं के बीच चर्चा है कि आदित्य त्रिवेदी किदवई नगर विधानसभा से भाजपा से तैयारी कर रहे हैं। कानपुर में अपनी जमीनी व राजनैतिक पहचान बनाने के लिए संगठन में जगह बनाई है। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नीतू सिंह के बारे में जानिए सिविल लाइंस निवासी नीतू सिंह कानपुर के पूर्व सांसद सत्यदेव पचौरी की बेटी हैं। वह बैरिस्टर वीरेन्द्र जीत सिंह घराने की बहू हैं। सिंह परिवार का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से कई दशकों पुराना संबंध है। नीतू के दादा-ससुर बैरिस्टर नरेंद्रजीत सिंह ने कानपुर में संघ के शुरुआती विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वे लंबे समय तक संघ के महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। नीतू सिंह सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहती हैं। 2023 के कानपुर में महापौर के चुनाव और फिर 2024 लोकसभा चुनाव में नीतू सिंह का नाम भाजपा के संभावित उम्मीदवार के रूप में काफी प्रमुखता से सामने आया। 2024 में कानपुर लोकसभा सीट के लिए संघ की ओर से उनके समर्थन की बात भी सामने आई थी। हालांकि भाजपा ने अंततः कानपुर से रमेश अवस्थी को उम्मीदवार बनाया। अब एक बार फिर से संगठन में जिम्मेदारी मिलने से चर्चा में आ गई हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *