![]()
गाजीपुर में इनामी अपराधी कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद की मौत के बाद हुए विरोध-प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने शव सड़क पर रखकर मार्ग जाम किया, पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। मामले में छह नामजद और 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गाजीपुर के कोतवाली क्षेत्र में इनामी अपराधी कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद की मौत के बाद हुए प्रदर्शन और हंगामे के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, 4 जून की शाम प्रदर्शनकारियों ने शव को सड़क पर रखकर धरना दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया और कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हुई। लोगों को समझाने की कोशिश कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक राम मिलन यादव की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि शाम करीब 6:40 बजे से 7:20 बजे के बीच प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ ने कथित रूप से विरोध जारी रखा। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की, धमकियां दीं और उन पर ईंट-पत्थर फेंके। इस घटना में कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। मामले में छह लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि 40 से 50 अज्ञात पुरुषों और महिलाओं के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपों में गैरकानूनी जमावड़ा, सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करना, सरकारी कार्य में बाधा डालना, मारपीट, धमकी और शांति व्यवस्था भंग करना शामिल हैं। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, खबर लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद की मौत के बाद हुए विरोध-प्रदर्शन ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर बहस छेड़ दी है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और जिम्मेदार लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।
Source link
इनामी बदमाश की मौत के बाद शव रखकर प्रदर्शन:गाजीपुर में पुलिस पर पथराव का आरोप, 6 नामजद समेत 50 से अधिक पर FIR