इटावा में दो बच्चों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि:स्वास्थ्य विभाग हुआ अलर्ट, टीमें घर पहुंचीं, निगरानी शुरू


इटावा। जिले में दो बच्चों में स्वाइन फ्लू H1N1 संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। संक्रमितों में कोतवाली क्षेत्र की 11 वर्षीय बच्ची और भरथना ग्रामीण क्षेत्र का चार वर्षीय बच्चा शामिल है। बुखार और सांस लेने में परेशानी के बाद आगरा और लखनऊ की लैब में जांच कराई गई थी। दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की जानकारी मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग को मिली। संक्रमण की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें दोनों बच्चों के घर पहुंचीं। मरीजों को आइसोलेट कर दवाइयां दी गई हैं। साथ ही परिवार के सदस्यों की स्क्रीनिंग की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने दोनों बच्चों के संपर्क में आए लोगों पर भी निगरानी शुरू कर दी है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। आशा और एएनएम करेंगी निगरानी स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित क्षेत्रों की आशा और एएनएम को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। बच्चों के स्वास्थ्य की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। किसी भी व्यक्ति में बुखार, खांसी या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण मिलने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। बाहर से संक्रमण आने का अंदेशा स्वास्थ्य विभाग को शुरुआती जांच में आशंका है कि दोनों बच्चों में संक्रमण बाहर से आया हो सकता है। इसी को लेकर रक्षाबंधन के दौरान बच्चों या उनके परिजनों के बाहर जाने और रिश्तेदारों के घर आने की जानकारी जुटाई जा रही है। परिवार के सदस्यों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट बुधवार तक आने की उम्मीद है। स्थिति पर विभाग की नजर डिप्टी सीएमओ डॉ. बलराज सिंह ने बताया कि जिले में दो बच्चों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। दोनों परिवारों की स्क्रीनिंग करा दी गई है। मरीजों को आइसोलेट कर उपचार दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं और संक्रमण की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *