इटावा में दुकान में मिला जहरीला करैत सांप:तख्त के नीचे दिखा, युवक की निकली चीख; सर्पमित्र ने किया रेस्क्यू


इटावा में इकदिल थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित एक दुकान में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तख्त के नीचे करीब 3 से 4 फीट लंबा जहरीला करैत सांप दिखाई दिया। सुबह उठते ही युवक की नजर सांप पर पड़ी तो वह घबरा गया और आसपास मौजूद लोगों में भी दहशत फैल गई। दुकान संचालक अतीप दीक्षित ने सोशल मीडिया पर देखी गई जनपद की स्नेक बाइट हेल्पलाइन के माध्यम से सर्पमित्र डॉ. आशीष त्रिपाठी से संपर्क किया। सूचना मिलते ही डॉ. आशीष मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक करैत सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। अतीप दीक्षित ने बताया कि सुबह नींद से उठने के दौरान उनका पैर तख्त के नीचे पड़े सांप के पास पहुंच गया। सांप को देखते ही वह घबरा गए और सबसे पहले अपने शरीर पर सर्पदंश के निशान की जांच की। इसके बाद उन्होंने हेल्पलाइन पर सूचना देकर सहायता मांगी। प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया सांप रेस्क्यू के बाद सामाजिक वानिकी विभाग के दिशा-निर्देशन में करैत सांप को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इससे वन्यजीव का भी संरक्षण हुआ और स्थानीय लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हुई। वन्यजीव विशेषज्ञ एवं सर्पमित्र डॉ. आशीष त्रिपाठी ने बताया कि बरसात और बदलते मौसम में भोजन की तलाश तथा सुरक्षित स्थान की खोज में सांप अक्सर घरों और दुकानों में पहुंच जाते हैं। करैत अत्यंत विषैला सांप है, जिसके विष का असर तंत्रिका तंत्र पर होता है। ऐसे में रात्रि के समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। सर्पदंश पर झाड़-फूंक नहीं, तुरंत अस्पताल जाएं डॉ. आशीष ने बताया कि सर्पदंश होने पर घबराएं नहीं और किसी भी प्रकार के अंधविश्वास या झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें। यदि कोबरा, करैत या रसल वाइपर जैसे विषैले सांप के काटने की आशंका हो तो प्रभावित अंग पर हल्का बंध लगाकर यथाशीघ्र जिला अस्पताल इटावा के इमरजेंसी वार्ड (कमरा नंबर 3) या सैफई पीजीआई के इमरजेंसी विभाग में पहुंचकर उपचार कराएं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *