![]()
इटावा जिले के इकदिल क्षेत्र के कांकरपुरा गांव में निचली गंगा नहर की पुलिया पर एक युवक का नग्न अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। मृतक के हाथ पर ‘गुलशन’ और ‘शशि’ नाम गुदा हुआ मिला है, जिसके आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है। कांकरपुरा गांव में गुरुवार सुबह जब ग्रामीण नहर की ओर गए, तो उन्होंने पुलिया के पास पानी में एक युवक का शव फंसा और उतराता हुआ देखा। यह दृश्य देखते ही गांव में हड़कंप मच गया और कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव निकलवाकर शुरू की जांच सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक बिंदा प्रसाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। इसके बाद आसपास के गांवों के लोगों को बुलाकर पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। हाथ पर गुदे नाम से पहचान का प्रयास पुलिस के अनुसार मृतक युवक के हाथ पर ‘गुलशन’ और ‘शशि’ नाम लिखा हुआ मिला है। शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह करीब तीन से चार दिन पुराना है। थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला डूबने का लग रहा है और संभव है कि शव कहीं और से बहकर यहां आया हो। फिलहाल शव को मोर्चरी में रखवाकर आसपास के थानों को सूचना भेजी गई है, ताकि युवक की पहचान जल्द की जा सके।
Source link
इटावा के कांकरपुरा नहर पुलिया में नग्न शव मिला:हाथ पर गुदे नाम से पुलिस कर रही पहचान की कोशिश