आराधना मिश्रा मोना बनीं यूपी कांग्रेस अध्यक्ष:प्रयागराज में कांग्रेसियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ बांटी मिठाई, 2027 में जीत का दावा


प्रयागराज में प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर संगम नगरी प्रयागराज में कांग्रेसियों ने जश्न मनाया। सिविल लाइंस स्थित उनके पिता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर पार्टी कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचे। इस दौरान मिठाई बांटकर और नारेबाजी कर खुशी जाहिर की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रमोद तिवारी और आराधना मिश्रा मोना की तस्वीरें हाथों में लेकर जश्न मनाया। नेताओं की तस्वीरों पर तिलक लगाया गया। वहीं, शंख बजाकर 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा भी किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लंबे समय बाद प्रदेश में पार्टी को एक अनुभवी ब्राह्मण चेहरा नेतृत्व के लिए मिला है। आराधना मिश्रा मोना के पास संगठन और प्रदेश की राजनीति का लंबा अनुभव है। उनके नेतृत्व में पार्टी को मजबूती मिलेगी और ब्राह्मणों के साथ दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदाय के लोग भी कांग्रेस से जुड़ेंगे। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव विवेकानंद पाठक ने कहा कि मोना के प्रदेश अध्यक्ष बनने से प्रयागराज के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। वह इलाहाबाद से जुड़ी हैं, इसलिए यहां के लोगों के लिए यह गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने आराधना मिश्रा को प्रदेश की कमान सौंपकर बदलाव का संदेश दिया है। पाठक ने कहा कि आराधना मिश्रा को विधायक दल की नेता (सीएलपी) के रूप में भी काम करने का अनुभव है। उन्हें प्रदेश की राजनीति की अच्छी समझ है। इसका लाभ संगठन को मिलेगा और चुनावी तैयारियों को मजबूती मिलेगी। वहीं, कांग्रेस नेता संजय तिवारी ने कहा कि मोना के प्रदेश अध्यक्ष बनने से ब्राह्मण समाज में खुशी है। कमलापति त्रिपाठी और एनडी तिवारी के बाद अब एक नया चेहरा समाज का प्रतिनिधित्व कर रहा है। जश्न के दौरान नेताओं की तस्वीरों पर तिलक लगाकर शंख बजाया गया।इसे कांग्रेस की बदलती राजनीतिक रणनीति और हिंदू प्रतीकों के इस्तेमाल से जोड़कर देखा जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *