आगरा में वायरल वीडियो की सच्चाई आई सामने:झोपड़ी गिरने पर डंडे से संभालने का वीडियो मारपीट बताया गया


आगरा के टेडी बगिया क्षेत्र में मंगलवार शाम एक 15 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस वीडियो को मारपीट का बताया जा रहा था, जिससे सनसनी फैल गई। हालांकि, पुलिस जांच में सामने आया कि वीडियो में दिख रही घटना मारपीट की नहीं थी, बल्कि एक झोपड़ी के अचानक गिरने के बाद उसे संभालने की कोशिश थी। यह घटना सेटेलाइट बस स्टेशन से कुछ दूरी पर हुई। पुलिस की पड़ताल में पता चला कि घुमंत जाति के कुछ लोग झोपड़ियों में रहते हैं। मंगलवार शाम उनके यहां लड़की का रिश्ता लेकर कुछ लोग आए हुए थे। दोनों परिवारों के बुजुर्गों, महिलाओं और पुरुषों के बीच बातचीत चल रही थी। बातचीत के दौरान अचानक एक झोपड़ी का डंडा निकल गया और झोपड़ी का एक हिस्सा गिर पड़ा। इस अप्रत्याशित घटना से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। झोपड़ी को दोबारा खड़ा करने के लिए वहां मौजूद परिजनों और रिश्ता देखने आए लोगों ने डंडे उठाकर उसे सहारा देना शुरू कर दिया। इसी दौरान किसी राहगीर ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर मारपीट का बताकर वायरल कर दिया गया। वीडियो में लोगों के हाथों में डंडे दिखाई देने के कारण इसे देखकर कई लोगों ने भी घटना को मारपीट समझ लिया था। मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद टेडी बगिया चौकी प्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पूछताछ में सामने आया कि झोपड़ी गिरने के बाद उसे संभालने के दौरान लोगों के हाथों में डंडे थे। मौके पर किसी तरह का विवाद या मारपीट नहीं हुई थी। थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार ने बताया कि मारपीट की कोई घटना सामने नहीं आई है। चौकी प्रभारी ने जांच की, जिसमें मामला अलग निकला। किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई शिकायत भी नहीं दी गई है। वीडियो में दिख रहे लोगों ने भी पुलिस को किसी तरह के विवाद या मारपीट से इनकार किया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *