![]()
आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र की बसेरा कॉलोनी, कालिंदी विहार में मंगलवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। अज्ञात चोर सूने मकान का ताला तोड़कर घर में घुसे और अलमारी में रखे करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी कर ले गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़ित दीक्षांत मिश्रा पुत्र राजेश मिश्रा ने बताया कि मंगलवार दोपहर घर पर कोई मौजूद नहीं था। वह स्वयं नौकरी पर गए हुए थे। उनके पिता राजेश मिश्रा गार्ड की ड्यूटी पर थे, जबकि छोटा भाई निशांत मिश्रा फैक्ट्री में काम करने गया था। उनकी मां बीना मिश्रा अपने भाई के निधन के चलते जयपुर गई हुई थीं। घर में केवल पालतू कुत्ता मौजूद था।
शाम करीब 4 बजे जब दीक्षांत घर लौटे तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा मिला। दोनों अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा था, जबकि पीछे का दरवाजा खुला मिला। चोर घर से करीब 10 लाख रुपये के जेवर और 10 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया। थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
Source link
आगरा में दिन-दहाड़े टूटे घर के ताले, 10 लाख चोरी:बाहर गया था परिवार, पीछे के दरवाजे से घुसे थे बदमाश