आंदोलन की चेतावनी के बाद हरकत में आया नगर निगम:मेरठ के जाग्रति विहार से हटना शुरू हुआ कूड़ा, छात्र नेता ने की थी शिकायत


मेरठ के जागृति विहार रिंग रोड एक्सटेंशन पर लंबे समय से लगे कूड़े के अंबार को लेकर उठ रहे विरोध के बाद आखिरकार नगर निगम हरकत में आ गया। छात्र नेता विनीत चपराना के अल्टीमेटम के बाद रविवार सुबह नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी व डंपर की मदद से कूड़ा हटाने का अभियान शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे बड़ी मात्रा में जमा कूड़े के कारण क्षेत्र में बदबू और गंदगी फैल रही थी। आसपास स्कूल और रिहायशी इलाके होने की वजह से बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई थी। यही नहीं, इस मार्ग से रोजाना हजारों लोगों का आवागमन होता है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
मामले को लेकर छात्र नेता विनीत चपराना ने नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द सफाई कराने की मांग की थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो नगर निगम कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा और वहां कूड़ा डालकर विरोध जताया जाएगा।
विरोध और अल्टीमेटम के बाद रविवार सुबह नगर निगम की टीम सफाई अभियान चलाने पहुंची। कर्मचारियों ने जेसीबी मशीन और डंपरों की सहायता से कूड़ा हटाने का कार्य शुरू किया।
स्थानीय निवासियों ने नगर निगम की कार्रवाई पर राहत जताते हुए उम्मीद व्यक्त की है कि जल्द ही पूरे क्षेत्र को पूरी तरह साफ कर दिया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *