![]()
नगर निकायों में नागरिक सुविधाओं को बेहतर करने और विकास कार्यों की रफ्तार तेज करने के लिए गुरुवार को प्रयागराज के कमिश्नर डॉ. लोकेश एम. की अध्यक्षता में मंडल के सभी जनपदों की नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों (ईओ) की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कमिश्नर ने सभी ईओ से कहा कि वह सफाई, पेयजल आपूर्ति, जल निकासी, कर-करेतर राजस्व वसूली और जनसुविधाएं मुहैया कराने में लापरवाही न करें। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक जनउपयोगी कार्य के लिए समय-सीमा तय करते हुए उसे कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने सभी नगर पंचायतों में गंदगी वाले संवेदनशील स्थानों (ब्लैक स्पॉट्स) का तत्काल चिन्हांकन कर दो अक्टूबर तक रिपोर्ट देने को कहा है। इसके अलावा तीन अक्टूबर की सुबह तक डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह में लगे वाहनों की संख्या, नियमित उठान, गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण तथा मटीरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) की सचित्र रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सड़कों की सफाई अगले तीन दिनों में और पूरे नगर क्षेत्र का व्यापक सफाई अभियान दस अक्टूबर तक शत-प्रतिशत पूर्ण कराना होगा। सफाई कर्मियों को जैकेट-दस्ताने और बीमा अनिवार्य
मंडलायुक्त ने सफाई कर्मियों के हित और स्वास्थ्य सुरक्षा पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी सफाई कर्मियों को काम के दौरान दस्ताने, जैकेट और सुरक्षा उपकरण पहनना अनिवार्य होगा। साथ ही, जोखिमभरे वातावरण को देखते हुए शत-प्रतिशत सफाई कर्मियों का बीमा कराने के आदेश दिए गए। मौसमी व मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए सभी नगर पंचायतों में एंटी-लार्वा का छिड़काव, नियमित फॉगिंग और अगले गुरुवार तक सभी नालों की जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया है। ओवरहेड टैंकों की जांच करें ईओ, परखेंगे क्लोरीन की मात्रा
आमजन तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना प्राथमिकता में शामिल है। इसके तहत आगामी रविवार, चार अक्टूबर को सभी अधिशासी अधिकारी स्वयं ओवरहेड टैंकों का औचक निरीक्षण करेंगे। इस दौरान पानी में डाली जाने वाली क्लोरीन की मात्रा और गुणवत्ता की गहनता से जांच होगी, जिसकी फोटो सहित रिपोर्ट रविवार शाम तक मंडलायुक्त को भेजी जाएगी। पेयजल पाइपलाइनों में लीकेज और दूषित जल की स्थिति पर विस्तृत जांच रिपोर्ट 10 दिनों में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। तालाबों से हटवाएं अवैध कब्जा
अवैध कब्जों पर नकेल कसते हुए मंडलायुक्त ने शासकीय भूमि और विशेषकर तालाबों पर हो रहे नए अतिक्रमणों को तुरंत ध्वस्त करने के निर्देश दिए हैं। पुराने अतिक्रमणों पर नियमानुसार बेदखली की कार्रवाई होगी, जिसकी समय-सारिणी एडीएम छह अक्टूबर तक सौंपेंगे। निकायों की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए कर-करेतर (टैक्स व नॉन-टैक्स) राजस्व वसूली में तेजी लाने तथा कांशीराम आवास योजना में केवल पात्र लाभार्थियों का निवास सुनिश्चित करने की जांच कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। आवारा पशुओं के सींगों पर लगेंगे रिफ्लेक्टर
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एक अनूठी पहल शुरू की गई है। मंडलायुक्त ने आवारा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर भेजने के साथ ही रात्रि के समय विचरण करने वाले पशुओं के सींगों पर रिफ्लेक्टर पेंट और रिफ्लेक्टर कॉलर लगाने के निर्देश दिए हैं। इस व्यवस्था से रात के अंधेरे में वाहन चालकों को पशु दूर से ही नजर आ जाएंगे, जिससे भीषण सड़क हादसों को टाला जा सकेगा।
Source link
प्रयागराज कमिश्नर ने ईओ को सफाई, पेयजल सुधारने को कहा:सभी नगर निकायों को 2 अक्टूबर तक गंदगी वाले स्थानों की रिपोर्ट देनी होगी