![]()
अयोध्या जिले में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) गुरुवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के बीच शुरू हो रही है। चार जुलाई तक चलने वाली यह परीक्षा जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर पांच पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में कुल 37,920 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जा रही है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच होगी तथा बायोमेट्रिक सत्यापन और पहचान पत्र की जांच के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। इस बार परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में विशेष उत्साह और गंभीरता देखी जा रही है। इसकी प्रमुख वजह हाल ही में आया सुप्रीम कोर्ट का फैसला है। फैसले के अनुसार जिन सेवारत शिक्षकों की सेवानिवृत्ति में पांच वर्ष से अधिक का समय शेष है, उन्हें अगले दो वर्षों के भीतर शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा। ऐसे में बड़ी संख्या में कार्यरत शिक्षक भी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने, प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र साथ लाने तथा परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की कोशिश पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
अयोध्या में 17 केंद्रों पर यूपीटीईटी परीक्षा शुरु:37,920 अभ्यर्थी होगें सम्मिलित, कड़ी सुरक्षा के बीच हो रही परीक्षा