![]()
अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10-10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। ये आरोपी शराब तस्करी और 38 लाख रुपये की ठगी के अलग-अलग मामलों में वांछित हैं। एसएसपी कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार, इन दोनों आरोपियों के बारे में सूचना देने या उनकी गिरफ्तारी कराने वाले व्यक्ति को नकद इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पहला मामला थाना रौनाही में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 76/2025 से संबंधित है। इसमें आबकारी अधिनियम और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत वांछित आरोपी सुधीर पुत्र कृष्ण कुमार निवासी भावर, थाना बरौदा, जनपद सोनीपत (हरियाणा) लंबे समय से फरार है। पुलिस के मुताबिक, उप निरीक्षक हरे कृष्णा ने चेकिंग के दौरान एक स्विफ्ट कार से रॉयल ग्रीन ब्रांड की 312 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की थी। जांच में पता चला कि कार पर लगी नंबर प्लेट फर्जी थी और वह एक बोलेरो वाहन की थी। इस मामले के खुलासे के बाद से आरोपी सुधीर फरार है। दूसरा मामला थाना रौनाही में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 533/2025 का है। इसमें धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में वांछित मोहम्मद अकरम सिद्दीकी पुत्र स्वर्गीय अख्तर सिद्दीकी निवासी शेखपुर जाफर, थाना रौनाही पर भी 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। रौनाही क्षेत्र निवासी राजेश कुमार सिंह ने मोहम्मद अकरम सिद्दीकी पर 38 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे इन फरार आरोपियों के संबंध में कोई भी जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
Source link
अयोध्या में वांछित चल रहे दो आरोपियों पर पुरस्कार घोषित:फरार शराब तस्कर और 38 लाख की ठगी के आरोपी पर 10-10 हजार का इनाम