अयोध्या में कॉम्प्लेक्स के लिए चला बुलडोजर:सराय मस्जिद के पास नजूल भूमि से हटाए गए मकान-दुकान; मुआवजे को लेकर प्रभावितों का विरोध


अयोध्या शहर के चौक क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी सराय मस्जिद के पास नजूल भूमि पर बने अवैध मकानों और दुकानों को शुक्रवार को जिला प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। प्रस्तावित व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स के लिए जमीन खाली कराने की इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की मौजूदगी में कई निर्माणों को हटाया गया और पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कार्रवाई के साथ ही प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को मुआवजे के चेक भी वितरित किए गए। हालांकि कई परिवारों ने मुआवजे की राशि को नाकाफी बताते हुए नाराजगी जताई। प्रभावित लोगों का कहना है कि उन्हें इतनी राशि मिलनी चाहिए जिससे वे किसी अन्य स्थान पर जमीन खरीदकर अपने परिवार के लिए नया आशियाना बना सकें। 40 हजार में कैसे बनेगा नया घर प्रभावित महिला नजमा ने बताया कि उन्हें केवल 40 हजार रुपये का मुआवजा मिला है। उनके पति बीमार रहते हैं और कोई रोजगार नहीं कर पाते। ऐसे में दो बच्चों के भरण-पोषण के साथ नए घर की व्यवस्था करना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने प्रशासन से पुनर्विचार कर उचित मुआवजा देने की मांग की। वहीं स्थानीय निवासी मोहम्मद रसीद ने कहा कि वर्षों से बसे परिवारों को अचानक बेघर होना पड़ रहा है। मुआवजे की राशि से न तो जमीन खरीदी जा सकती है और न ही नया मकान बनाया जा सकता है। 200 दुकानों वाला बनेगा आधुनिक कॉम्प्लेक्स प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, खाली कराई गई नजूल भूमि पर प्रदेश सरकार की ओर से आधुनिक व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा। प्रस्तावित परियोजना में करीब 200 दुकानों का निर्माण होना है। माना जा रहा है कि इसके बनने से चौक क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार की गई है। वहीं प्रभावित परिवार उचित पुनर्वास और पर्याप्त मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में विकास और विस्थापन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *