![]()
अमेठी में पशुओं को खुरपका-मुंहपका रोग से बचाने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू होने जा रहा है। राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (NADCP) के तहत FMD टीकाकरण का 8वां चरण 22 जुलाई 2026 से 4 सितंबर 2026 तक चलाया जाएगा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जी.के. शुक्ला ने सभी पशुपालकों से अपने पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण कराने की अपील की है। इस अभियान के दौरान जिले के सभी गोवंशीय, भैंसवंशीय और अन्य खुरदार पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। डॉ. शुक्ला ने बताया कि यह कार्यक्रम राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पशुधन को इस गंभीर बीमारी से बचाना है। पशुपालकों को भारी नुकसान खुरपका-मुंहपका एक अत्यंत संक्रामक वायरल रोग है। यह रोग गाय, भैंस, बकरी और भेड़ जैसे पशुओं के मुंह, जीभ, होंठ और खुरों में छाले व घाव पैदा करता है। इससे पशुओं में चारा खाने की क्षमता कम हो जाती है, दूध उत्पादन घटता है और पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। टीका लगवाने से पशु स्वस्थ डॉ. शुक्ला ने जोर दिया कि देश और प्रदेश को FMD मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हर पशुपालक का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण पूरी तरह सुरक्षित और मुफ्त है। समय पर टीका लगवाने से पशु स्वस्थ रहेंगे, दूध उत्पादन में वृद्धि होगी और पशुओं की मृत्यु दर में कमी आएगी। पशुपालकों से अपील की गई है कि यदि किसी पशु में मुंह से लार टपकना, बुखार, छाले या चलने में दिक्कत जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सालय से संपर्क करें। संक्रमित पशु को अन्य पशुओं से अलग रखें और पशुशाला की नियमित सफाई सुनिश्चित करें। अभियान के लिए विभागीय टीमें गांव-गांव जाकर टीकाकरण करेंगी। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 18001805141 पर संपर्क किया जा सकता है।
Source link
अमेठी में 22 जुलाई से शुरू होगा FMD टीकाकरण अभियान:4 सितंबर तक गाय-भैंसों को लगेंगे मुफ्त टीका