अमरोहा में ट्रक ने बाइक को रौंदा, महिला की मौत:पति घायल, रक्षाबंधन मनाकर ससुराल लौट रही थी


अमरोहा के मंडी धनौरा के बछरायूं थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 6 बजे एक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। फत्तेहपुर शुमाली गांव के पास गजरौला की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से महिला सड़क पर गिर गई और ट्रक का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। रक्षाबंधन मनाकर ससुराल जा रही थी महिला मृतक महिला की पहचान लाटरा मूंगरा निवासी 55 वर्षीय सुरेश देवी के रूप में हुई है। वह अपने पति चरन सिंह पुत्र रामस्वरूप सिंह के साथ ससुराल शाहपुर गांव से घर लौट रही थीं। चरन सिंह शुक्रवार को रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी पत्नी को उनके मायके लेकर गए थे। रविवार सुबह दंपति बाइक से गजरौला की दिशा से अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। भागने के प्रयास में ट्रक ने चढ़ाया पहिया ट्रक की टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरेश देवी उछलकर सड़क पर गिर गईं। भागने के प्रयास में ट्रक चालक ने महिला के ऊपर से वाहन का पहिया चढ़ा दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस दौरान चरन सिंह भी सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचित किया गया। मृतका सुरेश देवी अपने पीछे पति चरन सिंह और तीन बेटों का परिवार छोड़ गई हैं। उनके दो बेटों का विवाह हो चुका है, जबकि एक बेटा अविवाहित है। त्योहार के बीच हुए इस अचानक हादसे से परिवार में शोक का माहौल है। घायल पति अस्पताल में भर्ती थाना प्रभारी अतवीर चौहान ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घायल चरन सिंह को उपचार के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस फरार ट्रक चालक और वाहन की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *