![]()
अंबेडकरनगर में यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा-2027 की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब संस्थागत और व्यक्तिगत परीक्षार्थी 5 सितंबर तक परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। निर्धारित समय पर शुल्क और फॉर्म जमा नहीं कर पाने वाले विद्यार्थियों को इससे अतिरिक्त मौका मिल गया है। परिषद के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार विद्यालयों को परीक्षार्थियों का शुल्क 1 सितंबर 2026 तक एकमुश्त चालान के जरिए कोषागार में जमा करना होगा। इसके बाद विद्यार्थियों का शैक्षिक विवरण 5 सितंबर तक परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। विद्यालयों को निर्धारित समय सीमा में पूरी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा फॉर्म या ऑनलाइन अपलोड किए गए शैक्षिक विवरण में किसी तरह की गलती होने पर 6 से 11 सितंबर तक उसमें सुधार और अपडेट किया जा सकेगा। हालांकि, इस अवधि में किसी नए परीक्षार्थी का विवरण अपलोड नहीं किया जाएगा। फोटोयुक्त नामावली और कोषपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर तय की गई है। प्रधानाचार्यों को जिम्मेदारी, छात्र छूटा तो होगी कार्रवाई जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ कुमार सिंह ने सभी प्रधानाचार्यों को विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म और शुल्क निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी विद्यार्थी का परीक्षा फॉर्म समय पर जमा नहीं हुआ और वह परीक्षा से वंचित रहता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रधानाचार्य की होगी। जिले में 368 माध्यमिक विद्यालय अंबेडकरनगर में कुल 368 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इनमें 32 राजकीय, 60 वित्तपोषित और 276 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। इन सभी विद्यालयों के हजारों छात्र-छात्राएं हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा-2027 में शामिल होंगे। आवेदन की तारीख बढ़ाए जाने से उन विद्यार्थियों को राहत मिली है, जिनका फॉर्म निर्धारित समय तक किसी कारण से जमा नहीं हो पाया था।
Source link
यूपी बोर्ड परीक्षा-2027 के आवेदन की तारीख बढ़ी:अब 5 सितंबर तक भर सकेंगे छात्र, डेटा में सुधार के लिए 11 सितंबर तक मौका