नेपालगंज रोड-वाराणसी सिटी ट्रेन सेवा 31 अगस्त से शुरू:बेल्थरा रोड को गोरखपुर के रास्ते वाराणसी से सीधी कनेक्टिविटी, 17 कोच लगाए जाएंगे


बेल्थरारोड क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। पूर्वोत्तर रेलवे बहराइच-नेपालगंज रोड रेलखंड पर अमान परिवर्तन का काम पूरा होने के बाद अब नेपालगंज रोड से वाराणसी सिटी के बीच नई रेल सेवा शुरू करने जा रहा है। 31 अगस्त को 05064 नेपालगंज रोड-वाराणसी सिटी उद्घाटन विशेष ट्रेन के संचालन के साथ इस सेवा की शुरुआत होगी। इससे बेल्थरारोड के यात्रियों को वाराणसी के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। उद्घाटन विशेष ट्रेन 31 अगस्त को नेपालगंज रोड से दोपहर 2:45 बजे रवाना होगी। विभिन्न स्टेशनों से होते हुए ट्रेन 1 सितंबर की रात 2:25 बजे बेल्थरारोड पहुंचेगी। यहां दो मिनट ठहराव के बाद 2:27 बजे रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन 3:05 बजे मऊ, 4:17 बजे औंड़िहार और 5:02 बजे सारनाथ पहुंचेगी। वाराणसी सिटी पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 5:25 बजे है। नई रेल सेवा शुरू होने से बेल्थरारोड के यात्रियों को वाराणसी के अलावा बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, बढ़नी, सिद्धार्थनगर और गोरखपुर क्षेत्र से भी बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। खासकर वाराणसी जाने वाले यात्रियों को बीच में ट्रेन बदलने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। 17 कोच के साथ चलेगी उद्घाटन स्पेशल रेलवे के अनुसार उद्घाटन विशेष ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें दो जनरेटर सह लगेजयान, पांच सामान्य द्वितीय श्रेणी, एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, दो वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और सात शयनयान श्रेणी के कोच शामिल हैं। बेल्थरारोड से वाराणसी जाना होगा आसान नई सेवा से बेल्थरारोड और आसपास के यात्रियों को वाराणसी के लिए सीधी ट्रेन उपलब्ध होगी। इससे यात्रियों का समय बचेगा और ट्रेन बदलने की समस्या भी कम होगी। नई रेल सेवा शुरू होने से इस पूरे रेलखंड के यात्रियों को पूर्वांचल के प्रमुख शहरों तक आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *