अमरोहा का हरिओम हत्याकांड- हथियार बरामद नहीं:सुभासपा ने दी भूख हड़ताल की चेतावनी, बोले- 20 मार्च तक बरामद करें


अमरोहा के डिडौली थाना क्षेत्र के सलामतपुर गांव में हरिओम प्रजापति हत्याकांड में इस्तेमाल हथियार अब तक बरामद नहीं हो सका है। इस पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने नाराजगी जताई है। पार्टी ने पुलिस डीआईजी को ज्ञापन भेजकर मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि 20 मार्च तक हथियार बरामद नहीं हुआ तो जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की जाएगी। सलामतपुर निवासी हरिओम प्रजापति 13 फरवरी को हरिद्वार के लिए कांवड़ लेने निकले थे। नौगावां सादात थानाक्षेत्र के ग्राम मुंडा मुकारी के पास उन्हें गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। नौगावां पुलिस ने उन्हें अमरोहा के संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। उपचार के दौरान हरिओम प्रजापति ने पुलिस और मजिस्ट्रेट को दिए बयान में गांव के पूर्व प्रधान टिंकू और उसके भाई पिंकू पर गोली मारने का आरोप लगाया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां 15 फरवरी को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि, हत्या में प्रयुक्त हथियार अब तक बरामद नहीं हो सका है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। सुभासपा के पूर्व प्रभारी पश्चिम उत्तर प्रदेश बलराज सिंह प्रजापति समेत कई पदाधिकारियों ने मांग की है कि मामले की विवेचना डिडौली थाना से कराई जाए। उन्होंने जल्द से जल्द हथियार बरामद कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *