गोंडा में 2 घंटे में 20 MM बारिश:अगले 3 घंटे तेज बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट; तापमान 30°C पर आया


गोंडा में सोमवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर करीब 12 बजे से आसमान में काले घने बादल छाए हुए हैं। हल्की हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। पिछले दो घंटे में जिले में करीब 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे तक तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन घंटे तक हल्की हवाओं के साथ तेज बारिश जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी जताया गया है। प्रशासन ने मौसम को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। गर्मी-उमस से राहत, निचले इलाकों में जलभराव मूसलाधार बारिश से लोगों को पिछले कुछ दिनों से बनी गर्मी और उमस से राहत मिली है। हालांकि तेज बारिश के कारण जिले के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने लगी है। सड़कों और गलियों में पानी जमा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार मौजूदा समय में हुई बारिश फसलों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। 31-32 से गिरकर 30 डिग्री पहुंचा तापमान बारिश के असर से गोंडा के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले दो दिनों से अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, जो अब गिरकर करीब 30 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी तापमान में गिरावट की संभावना जताई है। सामान्य से 7% कम हुई अब तक बारिश मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून 2026 से 31 अगस्त 2026 दोपहर 2 बजे तक गोंडा जिले में कुल 636.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 681.2 मिलीमीटर है। इस तरह जिले में अब तक सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम बारिश हुई है। अगले तीन दिन मध्यम बारिश का अनुमान गोंडा जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मौसम विभाग से अगले तीन दिनों तक मध्यम बारिश होने की चेतावनी मिली है। इस दौरान तापमान में भी गिरावट जारी रहने की संभावना है। उन्होंने लोगों से मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *