![]()
अलीगढ़ के जलालपुर निवासी बॉलीवुड अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह का करोड़ों की पैतृक संपत्ति को लेकर पारिवारिक विवाद गहराता जा रहा है। अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह और उनके बड़े भाई अभिमन्यु सिंह ने अपने ही परिवार और कुछ बाहरी लोगों पर फर्जी वसीयत तैयार कर जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। अभिनेता और उनके भाई ने शनिवार को अलीगढ़ पहुंचकर प्रशासिनक अधिकारियों से मुलाकात कर कार्रवाई की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानीय नेता भी फर्जी तरीके से उनकी पैतृक संपत्ति को हड़पना चाहते हैं। दादा की मौत से एक दिन पहले बनी फर्जी वसीयत अभिमन्यु सिंह ने बताया कि हमारे दादाजी अलीगढ़ के बहुत बड़े जमींदार थे। साल 1997 में उनका निधन हुआ था। आरोप लगाया कि उनके निधन से ठीक एक दिन पहले एक फर्जी वसीयत तैयार कर ली गई। इस बड़े षड्यंत्र में परिवार के कुछ सदस्यों के साथ बाहरी लोग भी शामिल हैं। इस फर्जी वसीयत के जरिए सारी की सारी बेशकीमती जमीनें एक ही परिवार और दो लोगों के नाम ट्रांसफर कर दी गईं। तहसील कर्मियों से मिलीभगत का आरोप बताया कि इस वसीयत का कोई प्रोबेट भी नहीं कराया गया था। उन्होंने कुछ महीने पहले भी अपने दिवंगत चाचा गंगा सिंह की पत्नी और बेटे पर फर्जी तरीके से हवेली और जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया था। आरोप लगाया कि आरोपियों ने बेहद शातिर तरीके से तहसील कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों की मिलीभगत से राजस्व दस्तावेजों में हेरफेर किया और नाम बदलकर सालों तक इन जमीनों को अवैध रूप से बेचा। ‘हम मुंबई में थे, पीछे से होता रहा करोड़ों का खेल’ अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह ने बताया कि उनका परिवार लंबे समय से मुंबई में रह रहा था। अलीगढ़ से दूर रहने के कारण उन्हें इस बात की भनक तक नहीं लगी कि पीछे से उनकी पैतृक संपत्तियों को कब्जा कर बेका जा रहा है। अब धोखाधड़ी की जानकारी पर उन्होंने लीगल टीम को काम पर लगा दिया है। 1870 की ऐतिहासिक हवेली और हेरिटेज प्रॉपर्टी पर विवाद जब अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह ने कहा कि यह हमारी पैतृक संपत्ति है। इसमें 1870 में बनी ऐतिहासिक हवेली द जलालपुर एस्टेट भी शामिल है। यह एक हेरिटेज प्रॉपर्टी है। बताया कि दादाजी और पिता कैप्टन बलदेव सिंह प्रतिष्ठित जमींदार थे। उन्होंने बताया कि सभी दस्तावेज निकाले गए हैं और उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई है। कोर्ट में पहुंचा मामला, अब क्रिमिनल एक्शन की तैयारी अभिमन्यु सिंह ने कहा कि अलीगढ़ की अदालत में सिविल सूट दर्ज करा दिया है। वह दो महीने से लगातार सबूत जुटा रहे हैं। जल्द ही इस मामले में क्रिमिनल मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। तहसील के चक्कर काटने और वकीलों की हड़तालों के बावजूद उनके हाथ कई पुख्ता सबूत लगे हैं। राजनीतिक दखलंदाजी का आरोप अभिमन्यु सिंह ने राजनीतिक दखलअंदाजी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस जमीनी विवाद और धोखाधड़ी में न सिर्फ परिवार के लोग शामिल हैं, बल्कि कुछ स्थानीय राजनेता भी गलत तरीके से इसमें घुसने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी इस जालसाजी में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह की पैतृक संपत्ति की कराई फर्जी वसीयत:अलीगढ़ की हैरिटेज द जलालपुर एस्टेट हवेली पर कब्जा और नेताओं पर फर्जीवाड़े का आरोप