![]()
अंबेडकरनगर में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में ग्राम पंचायतों से संबंधित ऑडिट प्रकरणों और विशेष ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण हेतु गठित समिति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2010-11 से 2023-24 तक के लंबित ऑडिट प्रकरणों, वसूली आदेशों, अनुपालन आख्या और विशेष ऑडिट आपत्तियों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने 740 ग्राम पंचायतों के कुल 1844 ऑडिट प्रस्तरों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने 165 संतोषजनक अभिमत प्राप्त प्रस्तरों को वरिष्ठ कोषाधिकारी से सत्यापन के बाद निक्षेपित करने को कहा। इसके अतिरिक्त, 388 प्रस्तरों पर जारी आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) का सत्यापन कराकर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। शेष अन्य प्रस्तरों के लिए ऑडिट विभाग के ऑडिटर और जेई एमआई अथवा जेई आरईएस की टीम से सत्यापन कराकर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा लंबित प्रकरणों में समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में वसूली आदेश निर्गत किए जा चुके हैं, उनमें वसूली की कार्यवाही में तेजी लाई जाए और अनुपालन आख्या शीघ्र उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन मामलों में उत्तरदायित्व निर्धारित किया जा चुका है, उनमें नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। अधिकारियों को ऑडिट से संबंधित सभी अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण करने तथा शेष प्रकरणों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर कराते हुए नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में शासन की मंशा के अनुरूप वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कदम उठाने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Source link
अंबेडकरनगर में ग्राम पंचायतों के ऑडिट की समीक्षा:जिलाधिकारी ने लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए दिए निर्देश