तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

ईरान ने 28 फरवरी को बहरीन में एक रिहायशी इमारत पर ड्रोन अटैक किया था।
ईरान ने बहरीन में आज अमेरिकी कंपनी अमेजन वेब सर्विस के एक डेटा सेंटर पर हमला किया। फाइनेंशियल टाइम्स के मुताबिक, हमले के बाद उस जगह पर आग लग गई।
इससे पहले बहरीन के गृह मंत्रालय ने भी बताया था कि एक कंपनी की इमारत में आग लगी है, जिसे फायर ब्रिगेड की टीम बुझा रही थी। हालांकि उस समय कंपनी का नाम नहीं बताया गया था।
यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब एक दिन पहले ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने मिडिल ईस्ट में काम कर रही 18 अमेरिकी कंपनियों को निशाना बनाने की धमकी दी थी। इनमें माइक्रोसॉफ्ट, एपल, गूगल, मेटा जैसी कंपनियां शामिल हैं।
वहीं डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध खत्म करने के लिए किसी समझौते (डील) की जरूरत नहीं है। अमेरिका यह युद्ध 2 से 3 हफ्तों में खत्म कर सकता है।

जंग से मिडिल ईस्ट को ₹18 लाख करोड़ का नुकसान
यूनाइटेड नेशन डेवलपमेंट प्रोग्राम (UNDP) ने कहा है कि मध्य पूर्व में चल रहा युद्ध पूरे इलाके की अर्थव्यवस्था को बहुत बड़ा नुकसान पहुंचा सकता है। उनकी रिपोर्ट के मुताबिक यह संघर्ष अब सिर्फ कुछ देशों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए बड़ा संकट बन गया है।
- रीजन की GDP 3.7% से 6% तक घट सकती है
- करीब ₹18 लाख करोड़ का नुकसान हो सकता है
- होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही 70% से ज्यादा घट गई
- तेल की कीमत करीब 120 डॉलर प्रति बैरल हो गई है
- 16 लाख से लेकर 36 लाख नौकरियों पर संकट
ईरान जंग से जुड़ी 3 तस्वीरें…

अमेरिका ने सोमवार को ईरान के इस्फहान में हवाई हमले किए।

लेबनान की राजधानी बेरुत में मंगलवार को इजराइली एयरस्ट्राइक में एक इमारत पूरी तरह तबाह हो गई।

बेरुत के दक्षिणी इलाके में मंगलवार को इजराइल के हवाई हमले के बाद उठता धुआं।
ईरान-इजराइल जंग से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ईरानी राष्ट्रपति का संदेश- हमारे मन में अमेरिकी लोगों के प्रति कोई दुश्मनी नहीं है
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजशिकियान ने ईरान को सुरक्षा के लिए खतरा बताने वाली बातों को खारिज करते हुए कहा कि यह हकीकत के अनुरूप नहीं है। ईरान, अपने इसी नाम, चरित्र और पहचान के साथ मानव इतिहास की सबसे पुरानी और लगातार चली आ रही सभ्यताओं में से एक है। पजशिकियान के अमेरिका के लोगों के नाम लिखे लेटर को सरकारी मीडिया आउटलेट ‘प्रेस टीवी’ ने प्रकाशित किया है।
ईरानी राष्ट्रपति ने लिखा- ईरान ने अपने आधुनिक इतिहास में कभी भी आक्रामकता, विस्तारवाद, उपनिवेशवाद या प्रभुत्व का रास्ता नहीं चुना है। ईरान ने कभी किसी युद्ध की शुरुआत नहीं की। फिर भी, जिसने भी उस पर हमला किया है, उसने उसका दृढ़ता और बहादुरी से मुकाबला किया है।
पजशिकियान लिखते हैं- ऐसी सोच शक्तिशाली लोगों की राजनीतिक और आर्थिक मनमर्जी का नतीजा है। क्योंकि उन्हें दबाव को सही ठहराने, सैन्य प्रभुत्व बनाए रखने, हथियार उद्योग को चलाने और रणनीतिक बाजारों पर नियंत्रण रखने के लिए एक दुश्मन गढ़ने की जरूरत है। लेकिन हमारे मन में अमेरिकी लोगों के प्रति कोई दुश्मनी नहीं है।
25 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
व्हाइट हाउस बोला- ईरान जंग से जुड़े 4 बड़े टारगेट हासिल करने पर बोलेंगे ट्रम्प
ब्लूमबर्ग से बात करते हुए व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि अपने प्राइमटाइम संबोधन में ट्रम्प बताएंगे कि अमेरिका ने अपने सभी टारगेट हासिल कर लिए हैं या उनसे आगे निकल गया है। इन लक्ष्यों में शामिल हैं:
- ईरान की बैलिस्टिक मिसाइलों और उनके उत्पादन केंद्रों को नष्ट करना।
- उसकी नौसेना को लाचार बनाना।
- तेहरान के प्रॉक्सी (समर्थकों) को इस क्षेत्र में अस्थिरता फैलाने से रोकना।
- यह सुनिश्चित करना कि ईरान कभी भी परमाणु हथियार हासिल न कर सके।
अधिकारी ने आगे कहा कि इस भाषण में इस बात पर जोर दिया जाएगा कि ये सैन्य अभियान दो से तीन हफ्तों के भीतर खत्म हो सकते हैं।
49 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
यूरोपीय विदेश मंत्री की इजराइल से अपील, लेबनान से बातचीत का प्रस्ताव मान लें
यूरोपीय विदेश मंत्रियों ने इज़राइल से लेबनान के सीधी बातचीत के प्रस्ताव को स्वीकार करने की अपील की। इजराइल से लेबनान सरकार की ओर से सीधी बातचीत के प्रस्तावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देने की अपील की।
06:05 PM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी मीडिया बोली- इस्फहान प्रांत के काशान एयरपोर्ट पर हमला हुआ
ईरान के सरकारी मीडिया के अनुसार, बुधवार दोपहर इस्फ़हान प्रांत के काशान में एक हवाई अड्डे पर हमला किया गया; अधिकारियों ने बताया कि शाहरेजा, आरान, बिदगोल और नजफाबाद में भी हमले हुए हैं।
05:33 PM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इराक में अमेरिकी दूतावास पर हमले के आरोपियों पर ₹25 करोड़ का ईनाम
अमेरिका ने इराक में अपने ठिकानों पर हुए हमलों को लेकर लोगों से मदद मांगी है। US डिपार्टमेंट ऑफ स्टेट ने कहा है कि जो भी इन हमलों से जुड़ी जानकारी देगा, उसे 30 लाख डॉलर (करीब 25 करोड़ रुपए) का इनाम दिया जाएगा।
ये हमले बगदाद में अमेरिकी दूतावास और इरबिल में स्थित अमेरिकी कॉन्सुलेट पर हुए थे। अमेरिका का कहना है कि इन हमलों के पीछे ईरान से जुड़े हथियारबंद समूह हो सकते हैं। इसलिए वह ऐसे लोगों की तलाश कर रहा है जो इन हमलों के जिम्मेदार हैं।

17 मार्च को बगदाद में अमेरिकी दूतावास के पास हुए हमले की तस्वीर।
05:11 PM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
रिपोर्ट- ईरान जंग में शामिल हो सकता है UAE
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) US-ईरान जंग में सीधे तौर पर शामिल होने की तैयारी कर रहा है। वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) की रिपोर्ट के मुताबिक, UAE संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में एक प्रस्ताव लाने की कोशिश कर रहा हैं।
इस प्रस्ताव में होर्मुज स्ट्रेट को जबरन खोलने के लिए सभी तरीकों का इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी जा रही है। इसके तहत हार्मुज सिक्योरिटी फोर्स बनाई जाएगी, जो जहाजों की सुरक्षा तय करेगी।
होर्मुज एक महत्वपूर्ण समुद्री रास्ता है, जिससे दुनिया का लगभग 20% तेल गुजरता है। ईरान ने इसे बंद कर रखा है, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है। UAE पहला खाड़ी देश बन सकता है जो इस जंग में सीधे हिस्सा लेगा। पढ़ें पूरी खबर…

04:57 PM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
तेल अवीव के पास ईरान का मिसाइल अटैक, 11 लोग घायल
इजराइल में ईरान के मिसाइल हमले में 14 लोग घायल हो गए। यह हमला तेल अवीव के पास हुआ। इजराइल की इमरजेंसी सेवा मागेन डेविड अडोम ने बताया कि सभी घायलों को बेनी ब्राक इलाके से हॉस्पिटल में एडमिट किया गया।
घायलों में एक 11 साल की बच्ची भी है, जिसकी हालत बहुत गंभीर है। उसे मिसाइल के टुकड़ों से गहरी चोट लगी है। एक 13 साल का लड़का और 36 साल की महिला भी गंभीर रूप से घायल हैं।
04:37 PM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने सऊदी क्राउन प्रिंस से सीजफायर पर बात की
डोनाल्ड ट्रम्प ने आज सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (MBS) से फोन पर बात की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रम्प ने MBS को ईरान जंग में सीजफायर जुड़ी जानकारी दी है।
04:31 PM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
UAE ने आज 5 बैलिस्टिक मिसाइल और 35 ड्रोन गिराए
UAE ने कहा है कि उसने आज एक ही दिन में ईरान की 5 बैलिस्टिक मिसाइल और 35 ड्रोन को मार गिराया। युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक UAE कुल 438 मिसाइल और 2,012 ड्रोन को रोक चुका है।
04:20 PM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
जंग की वजह से ईरान में 1.15 लाख से ज्यादा इमारतें क्षतिग्रस्त
ईरान की रेड क्रिसेंट के मुताबिक, जंग की वजह से देशभर में 1.15 लाख से ज्यादा इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इनमें घर, अस्पताल, स्कूल और राहत केंद्र शामिल हैं। साथ ही 1,500 से ज्यादा लोगों को मलबे से जिंदा निकाला गया है।
03:57 PM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने इजराइल और UAE पर हमला किया
ईरान की सेना ने दावा किया है कि उसने इजराइल के बेन गुरियन एयरपोर्ट और UAE में कुछ सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं दक्षिणी लेबनान में एक घर पर इजराइली हमले में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। इसमें पति-पत्नी और उनकी दो बेटियां शामिल थीं।
03:45 PM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने आज 100 से ज्यादा मिसाइल और ड्रोन अटैक किए
ईरान की इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा है कि आज उसने 100 से ज्यादा मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। इन हमलों में इजराइल के कई ठिकानों और खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। वहीं ईरान की बड़ी कंपनी मुबारकेह स्टील कंपनी पर आज हमले से भारी नुकसान हुआ है।
03:26 PM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लोगों ने ट्रम्प और उनकी पत्नी की हूटिंग की
डोनाल्ड ट्रम्प और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रम्प की मंगलवार रात वॉशिंगटन के केनेडी सेंटर में हूटिंग की गई। दोनों यहां म्यूजिकल शो देखने गए थे। लोग ने जैसे ही उन्हें आते देखा तो कुछ लोगों ने तालियां बजाईं, लेकिन कई लोगों ने जोर से हूटिंग (बू) भी की।
ट्रम्प और मेलानिया लंबे समय बाद एक साथ सार्वजनिक कार्यक्रम में पहुंचे। इससे पहले दोनों जनवरी में इसी जगह एक कार्यक्रम में साथ दिखे थे।
03:09 PM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
हिजबुल्लाह ने इजराइल रॉकेट दागे, ईरानी सुप्रीम लीडर ने तारीफ की
उत्तरी इजराइल के किर्यत शमोना में हिजबुल्लाह ने रॉकेट हमला किया, जिससे इलाके में भारी नुकसान हुआ।
हमले से पहले चेतावनी सायरन बजाए गए थे, लेकिन इसके बावजूद एक रॉकेट गिरा जिससे एक व्यक्ति घायल हो गया। कई इमारतों और गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है।
ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई ने हिजबुल्लाह की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि हिजबुल्लाह के नेता मजबूती, धैर्य और हिम्मत के साथ लड़ रहे हैं।
02:56 PM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- ईरानी राष्ट्रपति ने सीजफायर की अपील की
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि ईरान के राष्ट्रपति ने अमेरिका से सीजफायर की मांग की है। ईरान की नई लीडरशिप पहले के मुकाबले कम कट्टर और ज्यादा समझदार है।
हालांकि, ट्रम्प ने साफ किया कि अमेरिका तुरंत सीजफायर नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि जब तक होर्मुज स्ट्रेट पूरी सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक अमेरिका अपना मिलिट्री ऑपरेशन जारी रखेगा।
02:43 PM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने बहरीन में अमेजन ऑफिस पर हमला किया
ईरान के हमले में बहरीन में अमेजन के क्लाउड बिजनेस को नुकसान पहुंचा है। इस मामले से जुड़े एक व्यक्ति ने यह जानकारी दी है।
फाइनेंशियल टाइम्स के मुताबिक बहरीन के गृह मंत्रालय ने कहा कि सिविल डिफेंस की टीम एक कंपनी की फैसिलिटी में लगी आग बुझाने में जुटी है। हालांकि मंत्रालय ने कंपनी का नाम नहीं बताया।
यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब एक दिन पहले ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने मिडिल ईस्ट में काम कर रही 18 अमेरिकी कंपनियों को निशाना बनाने की धमकी दी थी। इनमें माइक्रोसॉफ्ट, एप्पल, गूगल, मेटा जैसी कंपनियां शामिल हैं।
02:33 PM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी अफसर बोले- ट्रम्प के भाषण का कोई मतलब नहीं
ईरान के एक सीनियर अफसर ने कहा कि ट्रम्प के भाषण को लेकर कहा कि उस पर भरोसा नहीं किया जाना चाहिए। CNN से बात करते हुए अधिकारी ने कहा कि ट्रम्प बहुत अस्थिर और अजीब इंसान हैं। उनके बयान को बहुत महत्व नहीं दिया जाना चाहिए।
ट्रम्प गुरुवार सुबह 6:30 बजे (भारतीय समय के मुताबिक) संबोधित करेंगे। इसमें वे ईरान जंग को लेकर बातचीत कर सकते हैं। अभी यह साफ नहीं है कि वे क्या ऐलान करेंगे।
02:13 PM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
फ्रांस बोला- NATO का काम यूरोप की सुरक्षा, होर्मुज में कार्रवाई करना नहीं
फ्रांस की मंत्री एलिस रूफो ने कहा कि NATO का मुख्य काम यूरोप की सुरक्षा है। उन्होंने साफ कहा कि होर्मुज स्ट्रेट में सैन्य कार्रवाई करना NATO के दायरे में नहीं आता और यह अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ हो सकता है।
01:59 PM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी सेना का बयान- होर्मुज पर हमारा कंट्रोल, अमेरिका चाहे जो कहे
ईरान की सेना इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह उनके कंट्रोल में है। अमेरिका चाहे जो कहे, यह रास्ता उनके दुश्मनों के लिए नहीं खोला जाएगा।

01:37 PM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी नेता बोले- खाड़ी देशों को दूसरों के भरोसे सुरक्षा नहीं मिलेगी
ईरान के पूर्व विदेश मंत्री जावेद जरीफ ने खाड़ी देशों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि दूसरे देशों की सेना पर भरोसा करके सुरक्षा नहीं मिल सकती।
उन्होंने कहा कि विदेशी सैन्य ठिकाने असल में “युद्ध शुरू होने की जगह” बन जाते हैं। ट्रम्प कुछ समय बाद चले जाएंगे, लेकिन ईरान हमेशा रहेगा। इसलिए सभी को मिलकर सुरक्षा बनानी चाहिए।
01:23 PM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान जंग की वजह से 1.2 करोड़ बैरल तेल की सप्लाई घटी
इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी के प्रमुख फातिह बिरोल ने कहा है कि इस युद्ध की वजह से हर दिन लगभग 1.2 करोड़ बैरल तेल की सप्लाई कम हो गई है।
उन्होंने कहा कि अप्रैल में स्थिति और खराब हो सकती है और इसका असर जल्द ही यूरोप में भी दिखेगा। अभी सबसे ज्यादा कमी जेट फ्यूल और डीजल की हो रही है। पहले इसका असर एशिया में दिख रहा है।
01:10 PM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ऑस्ट्रेलियाई PM बोले- आने वाले महीने आसान नहीं होंगे
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने कहा है कि इस युद्ध का असर आने वाले कई महीनों तक रहेगा। उन्होंने साफ कहा कि आने वाले दिन आसान नहीं होंगे और पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ रही हैं।
अल्बानीज ने लोगों से कहा कि ज्यादा से ज्यादा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें, ताकि ईंधन बचाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि ऑस्ट्रेलिया इस युद्ध में शामिल नहीं है, लेकिन फिर भी वहां के लोगों को महंगाई का सामना करना पड़ रहा है।
12:43 PM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में सरकार-सेना के बीच तकरार, दावा- सुप्रीम लीडर से नहीं मिल पा रहे राष्ट्रपति
ईरान में सरकार और धार्मिक सेना (IRGC) के बीच टकराव बढ़ने की खबर है। तेहरान टाइम्स रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान की ताकतवर सेना जैसी संस्था इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) और राष्ट्रपति मसूद पजशकियान के बीच सत्ता को लेकर खींचतान चल रही है।
अखबार के मुताबिक IRGC ने देश का कंट्रोल अब अपने हाथ में ले लिया है। दावा यह भी है कि राष्ट्रपति पजशकियान की मुलाकात सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई से नहीं हो पा रही है।
दरअसल इस हफ्ते की शुरुआत में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने ईरान को लेकर एक बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष को खत्म करने के लिए बातचीत जारी है।
ट्रम्प के मुताबिक, उनकी टीम कुछ ‘समझदार’ ईरानी नेताओं के संपर्क में है और बातचीत के जरिए हालात को शांत करने की कोशिश की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर…

12:24 PM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
होर्मुज के रास्ते 94,000 टन LPG लेकर 2 जहाज भारत पहुंचे
मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। UAE से LPG (रसोई गैस) लेकर आए दो टैंकर होर्मुज स्ट्रेट पार करके सुरक्षित रूप से भारत पहुंच गए हैं।
पहला टैंकर BW TYR 31 मार्च को मुंबई पहुंचा। यह जहाज UAE के रास अल खैमाह से चला था और करीब 6 दिन में भारत पहुंचा। इसमें भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के लिए गैस लाई गई है।
दूसरा टैंकर BW ELM 1 अप्रैल को न्यू मैंगलोर के पास पहुंचा। यह जहाज हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के लिए LPG लेकर आया है।
इन दोनों जहाजों में कुल मिलाकर लगभग 94,000 टन LPG भारत पहुंची है। दोनों जहाजों पर 50 से ज्यादा भारतीय नाविक भी मौजूद थे। सरकार के मुताबिक, अब तक 8 भारतीय जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट पार कर चुके हैं।
12:12 PM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
होर्मुज संकट पर ब्रिटेन की मेजबानी में 35 देशों की इमरजेंसी बैठक
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने घोषणा की है कि इस सप्ताह उनका देश 35 देशों की एक अहम बैठक की मेजबानी करेगा। इस बैठक का मकसद होर्मुज को फिर से खोलने पर चर्चा करना है।
इस बैठक में दुनिया के कई बड़े देश शामिल होंगे और इसका मकसद इस बेहद महत्वपूर्ण समुद्री रास्ते की सुरक्षा और भविष्य को लेकर समाधान निकालना है।
कतर जैसे देश ने भी इस मुद्दे पर चर्चा में दिलचस्पी दिखाई है। भारत की इस बैठक में भागीदारी अभी तय नहीं हुई है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि भारत इसमें शामिल हो सकता है।
इसकी वजह यह है कि भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए इस क्षेत्र पर काफी निर्भर है और यहां बड़ी संख्या में भारतीय भी रहते हैं।
11:56 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल बोला- यह आखिरी युद्ध नहीं, देश को सर्तक रहना होगा
इजराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने कहा है कि यह जरूरी नहीं है कि यह इजराइल का आखिरी युद्ध हो।
उन्होंने कहा कि दुश्मन अभी भी हमला कर सकते हैं, इसलिए भविष्य में भी खतरा बना रहेगा और देश को सतर्क रहना होगा।
11:40 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल का दावा- हिजबुल्लाह का बड़ा कमांडर मारा गया
इजराइल की सेना ने दावा किया है कि उसने उग्रवादी संगठन के एक बड़े कमांडर यूसुफ इस्माइल हाशेम को मार दिया है।
यह हमला बेरूत में हुआ था, हालांकि हिजबुल्लाह की तरफ से अभी तक इस पर कोई बयान नहीं आया है।
11:28 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान की चेतावनी- होर्मुज खुला रहेगा, लेकिन अमेरिका के लिए नहीं
ईरान की संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के प्रमुख इब्राहिम अजीजी ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट खुला रहेगा, लेकिन अमेरिका के लिए नहीं। अब 47 साल की मेहमाननवाजी खत्म हो चुकी है।
अजीजी ने कहा कि यह रास्ता सिर्फ उन देशों के लिए खुला रहेगा, जो ईरान के बनाए नए नियमों का पालन करेंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ट्रम्प ने “रेजीम चेंज” का सपना पूरा कर लिया है, लेकिन यह जमीन पर नहीं बल्कि समुद्र के नियमों में हुआ है।

11:16 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने 65 लोगों को किया गिरफ्तार, जासूसी का आरोप
ईरान की सुरक्षा एजेंसी इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा है कि उसने 65 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों पर आरोप है कि वे दुश्मन देशों के लिए काम कर रहे थे या आतंकवादी संगठनों से जुड़े थे।
ईरान का कहना है कि हाल के महीनों में उसने कई लोगों को पकड़ा है, जो अमेरिका-इजराइल को जानकारी दे रहे थे और देश की सुरक्षा को नुकसान पहुंचा रहे थे।
11:04 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- ईरान से डील की जरूरत नहीं, उनका एटमी प्रोग्राम डैमेज
डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध खत्म करने के लिए किसी समझौते (डील) की जरूरत नहीं है। अमेरिका यह युद्ध 2 से 3 हफ्तों में खत्म कर सकता है।
उन्होंने कहा- ईरान को कोई डील करने की जरूरत नहीं है। जब हमें लगेगा कि वे इतने कमजोर हो गए हैं कि कई सालों तक परमाणु हथियार नहीं बना सकते, तब हम वहां से निकल जाएंगे। डील हो या न हो, अब यह जरूरी नहीं है।
ट्रम्प ने यह भी कहा कि ईरान के पास जो यूरेनियम बचा है, उससे उन्हें कोई चिंता नहीं है, क्योंकि वह जमीन के अंदर है और आसानी से इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। अमेरिका पहले ही ईरान के परमाणु कार्यक्रम को काफी नुकसान पहुंचा चुका है।
ट्रम्प ने यह भी कहा कि अमेरिका जल्द ही ईरान से बाहर निकल जाएगा और इसके बाद तेल की कीमतें भी कम हो सकती हैं। इस युद्ध की वजह से थोड़ी परेशानी जरूर हो रही है, लेकिन इससे अमेरिका ज्यादा सुरक्षित हुआ है क्योंकि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं है।
होर्मुज स्ट्रेट के बारे में उन्होंने कहा कि अब इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी अमेरिका नहीं लेगा। जो देश इस रास्ते से तेल ले जाते हैं, उन्हें खुद अपनी सुरक्षा करनी होगी।
ट्रम्प ने यह भी दावा किया कि अमेरिका ने ईरान के कई बड़े नेताओं को खत्म कर दिया है और वहां की स्थिति बदल दी है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उनका मकसद सरकार बदलना नहीं था, बल्कि सिर्फ यह सुनिश्चित करना था कि ईरान परमाणु हथियार न बना सके।
10:52 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
मलेशिया बोला- हम होर्मुज से गुजरने का कोई टोल नहीं दे रहे
मलेशिया सरकार का कहना है कि उनके जहाज होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने के लिए ईरान को कोई टोल नहीं दे रहे हैं। सरकार के मंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर फैली यह खबर गलत है और मलेशिया ने किसी तरह का भुगतान नहीं किया है।

10:35 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
दुबई से 1,200 से ज्यादा ईरानी वापस लौटे
युद्ध शुरू होने के बाद दुबई में रह रहे 1,262 ईरानी नागरिक अपने देश लौट चुके हैं। सीधी उड़ानें बंद होने के कारण लोग अफगानिस्तान और आर्मेनिया के रास्ते ईरान पहुंच रहे हैं।
ईरान सरकार ने UAE से और लोगों को जहाज और खास फ्लाइट के जरिए वापस लाने की मांग की है। वहीं, दुबई की एयरलाइंस ने ईरानी नागरिकों के एंट्री और ट्रांजिट पर रोक लगा दी है।
10:24 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
बेरुत के पास इजराइली हमला, 7 लोगों की मौत
लेबनान की राजधानी बेरुत के दक्षिण में इलाके में इजराइल के हमले में 7 लोगों की मौत हो गई और 26 घायल हो गए। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक यह हमला रिहायशी इलाके में हुआ, जिससे आसपास के घरों और गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा।

इजराइल ने मंगलवार को भी बेरुत में एक बिल्डिंग पर हमला किया था।
10:11 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ब्रिटिश PM बोले-जंग में शामिल नहीं होंगे, ये हमारी लड़ाई नहीं
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने बुधवार को देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ चल रही जंग उनकी नहीं है। ब्रिटेन इसका हिस्सा नहीं बनेगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि ब्रिटेन एक ग्लोबल समिट आयोजित करेगा, जिसमें होर्मुज को दोबारा खोलने के तरीकों पर चर्चा होगी।
स्टार्मर ने कहा, “चाहे मुझ पर कितना भी दबाव हो या कितनी भी बातें हों, मैं हर फैसला ब्रिटेन के राष्ट्रीय हित में ही लूंगा। इसलिए मैंने साफ कहा है कि यह हमारी लड़ाई नहीं है और हम इसमें शामिल नहीं होंगे।”
उन्होंने चेतावनी दी कि यह युद्ध अब दूसरे महीने में पहुंच चुका है और इसका असर ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। हालांकि स्टार्मर ने यह भरोसा भी दिलाया कि ब्रिटेन इस स्थिति से निपटने के लिए तैयार है और सरकार जरूरी कदम उठा रही है।

09:52 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने NATO को कागजी शेर बताया
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि वह NATO से बाहर निकलने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। उन्होंने NATO को कागजी शेर बताया।
एक इंटरव्यू में ट्रम्प ने कहा कि वह पहले से ही NATO से ज्यादा प्रभावित नहीं थे और उन्हें लगता है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी यही मानते हैं।
यह बयान तब आया है जब NATO देशों ने ईरान जंग में अमेरिका का साथ देने से इनकार कर दिया। अमेरिका चाहता था कि NATO देश होर्मुज स्ट्रेट खुलवाने के लिए अपने वॉरशिप भेजें, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।
ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका हमेशा अपने साथियों के लिए खड़ा रहा है, लेकिन इस बार कोई भी अमेरिका के साथ नहीं आया। उन्होंने यूक्रेन का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां अमेरिका ने मदद की थी, लेकिन अब वही समर्थन अमेरिका को नहीं मिल रहा।
उन्होंने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की भी आलोचना की और कहा कि उन्होंने ईरान के खिलाफ युद्ध में हिस्सा लेने से मना कर दिया।
09:36 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- अमेरिका से कोई आधिकारिक बातचीत नहीं चल रही
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि अमेरिका को कुछ मैसेज भेजे और मिले हैं, लेकिन दोनों देशों के बीच कोई आधिकारिक बातचीत नहीं चल रही है।
अराघची ने बताया कि उन्हें अमेरिकी अधिकारी स्टीव विटकॉफ से सीधे मैसेज मिलते हैं, लेकिन इसे बातचीत नहीं कहा जा सकता।
अराघची ने कहा कि ईरान को अमेरिका पर भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि 2015 में भी एक बड़ा समझौता हुआ था, लेकिन अमेरिका उससे बाहर निकल गया था
वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने भी कहा कि अमेरिका सही तरीके से बातचीत नहीं करता और पहले भी बातचीत के दौरान हमला कर चुका है।
09:24 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- ईरान का परमाणु खतरा खत्म किया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि ईरान का परमाणु खतरा खत्म कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब ईरान परमाणु हथियार नहीं बना पाएगा।
ट्रम्प ने मंगलवार को ओवल ऑफिस में कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना था और यह लक्ष्य पूरा हो चुका है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका या इजराइल ने ईरान के परमाणु ईंधन भंडार को पूरी तरह नष्ट किया हो, इसका कोई पुख्ता सबूत मिला है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि ईरान के पास अब भी पर्याप्त यूरेनियम मौजूद है, जिससे भविष्य में परमाणु हथियार बनाए जा सकते हैं।
09:15 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प के बयान के बाद जंग खत्म होने की उम्मीद से तेल सस्ता
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बयान के बाद वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है। जंग जल्द खत्म होने की उम्मीद से निवेशकों ने राहत की सांस ली।
ट्रम्प ने कहा था कि ईरान के साथ युद्ध 2-3 हफ्तों में खत्म हो सकता है, जिससे बाजार में तनाव कम हुआ और सप्लाई को लेकर चिंता घटी।
इसके बाद ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 13% गिरकर 100 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गई। तेल सस्ता होने के साथ ही वैश्विक शेयर बाजारों में तेजी देखी गई, जबकि तेल कंपनियों के शेयर दबाव में रहे।
08:50 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान जंग पर रूसी और अमेरिकी खुफिया एजेंसियां बात कर रही है
ईरान जंग को लेकर रूस और अमेरिका की खुफिया एजेंसियां आपस में बातचीत कर रही हैं। रूस के खुफिया प्रमुख ने कहा है कि उनकी एजेंसी अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA के साथ संपर्क बनाए हुए है।
रूस और अमेरिका के बीच वैश्विक तनाव के बावजूद खुफिया स्तर पर यह संपर्क जारी है, जिसे बैकचैनल कूटनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
08:40 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी सांसद बोले- होर्मुज स्ट्रेट नहीं खुलेगा
ईरान के सीनियर सांसद अली निकजाद ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोला जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान तब तक दबाव बनाए रखेगा जब तक वह अपने लोगों की मौत का बदला नहीं ले लेता।
साथ ही उन्होंने अमेरिका से किसी भी तरह की बातचीत की संभावना को भी खारिज करते हुए कहा कि अब तक कोई वार्ता नहीं हुई है और आगे भी नहीं होगी।
08:20 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका की जमीनी हमले की तैयारी, UK बेस पर उतरे 12 A-10C फाइटर जेट
अमेरिका ने ईरान में संभावित ग्राउंड ऑपरेशन के बीच यूनाइटेड किंगडम के RAF लेकेनहीथ बेस पर 12 A-10C थंडरबोल्ट II फाइटर एयरक्राफ्ट तैनात किए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये विमान जमीनी बलों को सपोर्ट करने और क्लोज एयर सपोर्ट मिशन के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस तरह की तैनाती संभावित सैन्य कार्रवाई की तैयारी का संकेत हो सकती है।
08:02 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी मिसाइल हमले के बाद सेंट्रल इजराइल में तबाही की तस्वीरें
ईरान के मिसाइल हमले के बाद सेंट्रल इजराइल में भारी तबाही का मंजर सामने आया है। हमले के बाद कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और सड़कों पर मलबा फैल गया।
तस्वीरों में देखा जा सकता है कि रिहायशी इलाकों में खिड़कियां टूट गईं और कई जगहों पर ढांचा नुकसानग्रस्त हुआ है।
हमले के बाद लोगों में दहशत का माहौल है, जबकि राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने में जुटे हैं।

इजराइली पुलिसकर्मियों ने तेल अवीव में ईरान के मिसाइल हमले में क्षतिग्रस्त हुई कार के पास जांच की।

ईरान के मिसाइल हमले से बनी ब्राक में रिहायशी इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर इजराइली सैनिक और सुरक्षा कर्मी पहुंचे।
07:47 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान की मिसाइल कतर के पास तेल टैंकर से टकराई
ईरान से दागी गई क्रूज मिसाइल कतर के तट के पास एक तेल टैंकर से टकराई हैं। कतर के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि तीन में से दो मिसाइलें इंटरसेप्ट कर ली गईं। मंत्रालय के मुताबिक, तीसरी मिसाइल कतरएनर्जी से लीज पर लिए गए तेल टैंकर से टकराई।
घटना के बाद टैंकर पर मौजूद 21 लोगों के क्रू को सुरक्षित निकाल लिया गया। किसी के घायल होने की खबर नहीं है। दो मिसाइलों के इंटरसेप्ट होने से बड़ा नुकसान टल गया। इस हमले ने खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव और समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
07:28 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान आज गूगल-एपल समेत 18 अमेरिकी कंपनियों पर हमला कर सकता है
ईरान ने गूगल-एपल समेत 18 अमेरिकी कंपनियों के ऑफिस पर हमले की धमकी दी है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने 18 बड़ी अमेरिकी कंपनियों को चेतावनी दी है कि उनके ईरान के खिलाफ दुश्मनी भरे ऑपरेशन में शामिल होने के कारण रीजनल ऑफिस को निशाना बनाया जाएगा।
ईरानी सरकारी मीडिया प्रेस टीवी की एक रिपोर्ट के अनुसार इन कंपनियों ने जासूसी करके ईरान के अंदर अमेरिकी-इजराइली आतंकी ऑपरेशन्स में मदद की है।
इन कंपनियों को जवाबी हमलों के लिए तैयार रहना चाहिए। सैन्य संगठन ने साफ किया कि 1 अप्रैल को ईरान के समय के अनुसार रात 8 बजे से शुरू होने वाले ये जवाबी हमले बहुत विनाशकारी होंगे।
इस लंबी ब्लैकलिस्ट में दुनिया की कुछ सबसे जानी-मानी टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्रियल कंपनियाँ शामिल हैं।
इन कंपनियों में एपल, गुगल, मेटा और माइक्रोसॉफ्ट के नाम शामिल हैं। IRGC ने HP, इंटेल, IBM और सिसको जैसी जरूरी हार्डवेयर और इंफ्रास्ट्रक्चर देने वाली कंपनियों के साथ-साथ टेस्ला, निविदी, ऑरेकल, JP मॉर्गन और बोइंग जैसी दूसरी बड़ी वैश्विक कंपनियां भी शामिल हैं।
07:14 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
हूती विद्रोहियों ने इजराइल के ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया
यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने दक्षिणी इजराइल के ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया है।
हूती समूह के अल-मसीरा टीवी पर जारी बयान में कहा गया कि यह हमला ईरान और हिजबुल्लाह के साथ मिलकर किया गया।
07:05 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने एक घंटे में तीसरी बार इजराइल पर मिसाइलें दागीं
ईरान ने इजराइल पर एक घंटे के भीतर तीसरी बार मिसाइल हमला किया है। इजराइली सेना के मुताबिक, देश की ओर एक और मिसाइलों की खेप दागी गई है।
सेना ने बताया कि कम समय में यह तीसरा हमला है, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं।
लगातार हमलों के चलते इजराइल का एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिया गया है और मिसाइलों को इंटरसेप्ट करने की कोशिश जारी है।
हमलों के बीच कई इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है और नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
06:39 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान के हमले से इजराइल में 6 घायल
ईरान के हमले में इजराइल के सेंट्रल इलाके बनी ब्राक में 6 लोग घायल हो गए। घायलों में एक 11 साल की बच्ची भी शामिल है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले में 13 साल का एक लड़का और अन्य चार घायल हुए हैं। सभी को मिसाइल हमले के दौरान गिरे शराप्नेल से चोटें आईं।
घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हमले के बाद मेडिकल और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
06:19 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
UAE में ड्रोन के मलबे से बांग्लादेशी नागरिक की मौत
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैरा में ड्रोन के मलबे की चपेट में आने से एक बांग्लादेशी नागरिक की मौत हो गई है। यह घटना अल-रिफा इलाके में हुई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ड्रोन को मार गिराने के बाद उसका मलबा एक खेत पर गिरा। वहां मौजूद व्यक्ति इसकी चपेट में आ गया। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा ड्रोन इंटरसेप्शन के दौरान हुआ। मामले की जांच की जा रही है।
06:11 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान का इजराइल पर मिसाइल हमला, सेंट्रल इलाकों में धमाके
ईरान ने इजराइल के सेंट्रल इलाकों पर मिसाइल हमला किया है, जिसके बाद कई जगह जोरदार धमाके सुने गए।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, गुश दान, शेरोन और समारिया क्षेत्रों में सायरन बजाए गए और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी दी गई।
हमले के बाद कई जगहों पर क्रैश साइट्स की खबरें आई हैं, हालांकि फिलहाल किसी बड़े नुकसान या हताहत की पुष्टि नहीं हुई है।
06:02 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान में इजराइली हमले से 7 की मौत
लेबनान की राजधानी बेरूत में इजराइली हमले में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हुए। यह हमला बुधवार तड़के किया गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयरस्ट्राइक में कई इलाकों को भारी नुकसान पहुंचा। लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी के अनुसार, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज जारी है।

तस्वीर बेरूत इजराइली हमले के बाद मौके पर जमा हुए लोगों की है।
05:40 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- 6 महीने तक युद्ध के लिए तैयार
ईरान ने कहा है कि वह अमेरिका और इजराइल के साथ लंबे युद्ध के लिए तैयार है। विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने संकेत दिया कि देश जरूरत पड़ने पर 6 महीने तक संघर्ष जारी रख सकता है।
अराघची ने कहा कि ईरान ने लंबे समय तक युद्ध लड़ने की पूरी तैयारी कर रखी है और हालात के मुताबिक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और संप्रभुता सर्वोपरि है और उसकी रक्षा के लिए हर हद तक कदम उठाए जाएंगे।
05:21 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी विदेश मंत्री बोले- जमीनी हमला हुआ तो पूरी तरह तैयार
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर जमीनी हमला हुआ तो ईरान पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा, “हम उनका इंतजार कर रहे हैं।”
अराघची ने कहा कि ईरान को अमेरिकी जमीनी हमले का डर नहीं है और वह किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है। उन्होंने साफ किया कि ईरान खुद जमीनी युद्ध नहीं चाहता, लेकिन अगर ऐसा हुआ तो वह उसका जवाब देने में सक्षम है।
उन्होंने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी गलती भारी पड़ सकती है और ईरान अपनी रक्षा करना अच्छी तरह जानता है।
05:11 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान में इजराइल का ड्रोन मार गिराया गया
दक्षिणी लेबनान में इजराइल का एक ड्रोन मार गिराया गया है। इजराइली सेना ने बताया कि यह ड्रोन वहां चल रहे सैन्य ऑपरेशन में इस्तेमाल हो रहा था।
सेना के मुताबिक, ड्रोन को सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल से निशाना बनाया गया, जिसके बाद वह गिर गया।
इजराइल ने कहा कि यह ड्रोन जमीनी ऑपरेशन के दौरान सैनिकों की मदद के लिए तैनात था और इसके गिरने के बाद किसी भी संवेदनशील जानकारी के लीक होने का खतरा नहीं है।
04:56 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- अमेरिका और इजराइल ने फार्मा प्लांट पर हमला किया
ईरान ने आरोप लगाया है कि अमेरिका और इजराइल ने तेहरान के टोफिघ दारू फार्मास्युटिकल प्लांट पर हमला किया है। ईरान के अनुसार, इस हमले से देश की मेडिकल सप्लाई चेन को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
अधिकारियों ने बताया कि यह प्लांट अस्पतालों और ऑपरेशन थिएटर में इस्तेमाल होने वाली दवाओं के कच्चे माल का एक अहम स्रोत था, इसलिए इसके प्रभावित होने से स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ सकता है।
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि हमले में उत्पादन और रिसर्च यूनिट को भारी नुकसान हुआ है। विदेश मंत्रालय ने इसे युद्ध अपराध करार दिया है।
वहीं, इजराइल ने दावा किया है कि उसने एक ऐसे रिसर्च सेंटर को निशाना बनाया जो कथित तौर पर केमिकल गतिविधियों से जुड़ा था, हालांकि इसके समर्थन में कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है।
04:46 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान की राजधानी तेहरान में ड्रोन अटैक के बाद की तस्वीरें

तेहरान के पूर्वी इलाके में ड्रोन हमले के बाद राहतकर्मी मलबा हटाने के काम में जुटे हुए हैं।


04:30 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका-इजराइल का ईरान की राजधानी तेहरान पर हमला
ईरान की राजधानी तेहरान पर अमेरिका और इजराइल ने हमला किया है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जिसके बाद एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिया गया।
अलजजीरा का रिपोर्ट के मुताबिक, तेहरान के सेंट्रल और बाहरी इलाकों में लगातार विस्फोट हुए, जिससे पूरे शहर में दहशत फैल गई। हमलों के बाद आम लोगों में गुस्सा देखने को मिल रहा है। लगातार धमाकों के बीच नागरिकों ने इन हमलों पर नाराजगी जताई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हमलों में नागरिक इलाकों और सुविधाओं को निशाना बनाया जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है। लोगों ने सरकार से कड़ी जवाबी कार्रवाई की मांग की है।
04:17 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
रिपोर्ट- होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए UAE सैन्य कार्रवाई को तैयार
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) होर्मुज स्ट्रेट को खोलने के लिए सैन्य कार्रवाई को तैयार है। टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक UAE,अमेरिका और अन्य देशों के साथ मिलकर स्ट्रेट को बलपूर्वक खोलने के विकल्प पर विचार कर रहा है और इसके लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में प्रस्ताव लाने की तैयारी भी की जा रही है।
UAE के अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक सैन्य गठबंधन बनाने की बात कही है, जो इस जलमार्ग को खोलने के लिए कार्रवाई कर सके।

03:52 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प के जल्द जंग खत्म होने वाले बयान से एशियाई शेयर बाजारों में तेजी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के ईरान युद्ध जल्द खत्म होने के बयान के बाद एशियाई शेयर बाजारों में तेजी आई है। निवेशकों के भरोसे में सुधार से बाजारों में जोरदार उछाल आया।
बुधवार को जापान का निक्केई 225 इंडेक्स करीब 3.87% बढ़ा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 6% से ज्यादा उछला, जो क्षेत्र में सबसे बड़ी बढ़त रही। सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 1.7% चढ़ा।
ट्रम्प ने हाल ही में कहा था कि ईरान युद्ध अगले 2 से 3 हफ्तों में खत्म हो सकता है। इससे वैश्विक बाजारों में राहत का माहौल बना है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, युद्ध खत्म होने की उम्मीद से बाजार में अनिश्चितता कम हुई। निवेशकों ने खरीदारी बढ़ाई।
03:33 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान की दवा फैक्ट्री पर हमले से मेडिकल सप्लाई पर असर
ईरान ने कहा है कि अमेरिका और इजराइल के हमले में तेहरान की एक दवा फैक्ट्री को भारी नुकसान हुआ है, जिससे देश की मेडिकल सप्लाई चेन को बड़ा झटका लगा है।
ईरान की IRNA न्यूज एजेंसी के अनुसार, जिस फैक्ट्री को निशाना बनाया गया वह फार्मास्युटिकल रॉ मटेरियल यूनिट है।
ईरान के उप स्वास्थ्य मंत्री महदी पिरसालेही ने बताया कि इस हमले में फैक्ट्री की उत्पादन इकाइयां और रिसर्च एंड डेवलपमेंट विभाग पूरी तरह नष्ट हो गए।
उन्होंने कहा कि यह फैक्ट्री तैयार दवाइयां नहीं बनाती थी, लेकिन यह अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाली दवाओं के कच्चे माल, ऑपरेशन थिएटर में जरूरी चीजों और कुछ कैंसर की दवाओं के लिए अहम सामग्री तैयार करती थी।
03:24 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी विदेश मंत्री ने अमेरिकी दूत विटकॉफ से बातचीत की जानकारी दी
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि उन्हें अमेरिका से सीधे और मध्यस्थों के जरिए संदेश मिल रहे हैं, लेकिन यह औपचारिक बातचीत नहीं है।
उन्होंने साफ किया कि ईरान सिर्फ जंग के पूरी तरह से खत्म होने पर ही राजी होगा, अस्थायी युद्धविराम स्वीकार नहीं करेगा।
अराघची के मुताबिक, अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ से उन्हें सीधे संदेश मिलते हैं, जबकि कई संदेश ‘दोस्त देश’ के जरिए पहुंचते हैं।
03:15 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिकी विदेश मंत्री बोले- युद्ध खत्म होने के बाद NATO से रिश्तों की समीक्षा करेंगे
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि ईरान युद्ध खत्म होने के बाद अमेरिका NATO के साथ अपने संबंधों की समीक्षा करेगा।
रूबियो ने इंटरव्यू में कहा कि इस संघर्ष के बाद NATO की उपयोगिता और अमेरिका के लिए उसकी अहमियत पर फिर से विचार जरूरी होगा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर अंतिम फैसला राष्ट्रपति ट्रम्प लेंगे
यह बयान ऐसे समय आया है जब ट्रम्प लगातार NATO देशों की आलोचना कर रहे हैं कि उन्होंने ईरान के खिलाफ युद्ध में अमेरिका और इजराइल का साथ नहीं दिया। इसे NATO और अमेरिका के रिश्तों में बढ़ते तनाव का संकेत माना जा रहा है।
03:01 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इराकी मिलिशिया बोला- कुवैत से ईरान पर हमला न करे अमेरिका
ईरान समर्थित इराकी मिलिशिया काताइब सैय्यद अल-शुहादा (KSS) ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि वह कुवैत की जमीन से ईरान पर हमला न करे। मिलिशिया ने कहा कि इससे क्षेत्र में संघर्ष और भड़क सकता है।
मिलिशिया के कमांडर ने कहा कि कुवैत से हमला गंभीर उकसावा माना जाएगा। इससे सीमित संघर्ष बड़े युद्ध में बदल सकता है।
बयान में इजराइल के लेबनान में संभावित जमीनी हमले का भी जिक्र किया गया और कहा गया कि हर कार्रवाई का जवाब दिया जाएगा।
02:43 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान पर 24 घंटे में इजराइल के 230 हवाई हमले
इजराइली सेना ने दावा किया है कि उसने मंगलवार को 24 घंटों में ईरान में 230 से ज्यादा हवाई हमले किए हैं।
इजराइल का कहना है कि ये हमले प्लांड ऑपरेशन का हिस्सा हैं, जिसका मकसद ईरान की सैन्य ताकत को कमजोर करना है। ईरान का कहना है कि इजराइल और अमेरिका सिर्फ सैन्य ठिकानों पर नहीं, बल्कि आम नागरिकों से जुड़ी जगहों पर भी हमला कर रहे हैं।
वहीं, तेहरान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका और इजराइल के हमलों में ईरान के कम से कम 4,770 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो चुकी है। इस दौरान करीब 21 हजार लोग घायल भी हुए हैं।
इजराइल के ईरान पर हमले का वीडियो…
02:19 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
कुवैत एयरपोर्ट पर ड्रोन अटैक, फ्यूल टैंकों में आग लगी
कुवैत के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन हमले के बाद फ्यूल टैंकों में भीषण आग लग गई है। अधिकारियों ने इस हमले के लिए ईरान और उससे जुड़े समूहों को जिम्मेदार ठहराया है।
कुवैत की जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन के मुताबिक, ड्रोन हमलों में एयरपोर्ट के ईंधन टैंकों को निशाना बनाया गया। मौके पर इमरजेंसी टीमों को तैनात किया गया है और राहत-बचाव कार्य जारी है।
01:58 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अर्जेंटीना ने ईरान की IRGC को आतंकवादी संगठन घोषित किया
अर्जेंटीना ने ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) को आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान में इसकी जानकारी दी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अर्जेंटीना ने यह कदम IRGC के हिजबुल्लाह जैसे संगठनों को समर्थन देने के आरोपों के आधार पर उठाया। साथ ही 1994 में ब्यूनस आयर्स में हुए AMIA बम धमाके का भी हवाला दिया गया, जिसमें 85 लोगों की मौत हुई थी।
इस फैसले के बाद IRGC से जुड़े लोगों और संस्थाओं पर वित्तीय प्रतिबंध और अन्य सख्त कार्रवाई की जा सकेगी।

अमेरिका समेत कई देश पहले ही IRGC को आतंकवादी संगठन घोषित कर चुके हैं। (फाइल फोटो)
01:38 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका ने ईरान पर हमले का नया वीडियो जारी किया
अमेरिका ने ईरान पर हमलों का नया वीडियो जारी किया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने इस वीडियो में अंडरग्राउंड सैन्य ठिकानों पर की गई बमबारी दिखाई है।
CENTCOM के मुताबिक, इन हमलों में प्रिसिजन म्यूनिशन का इस्तेमाल किया गया, जिससे टारगेट्स को सटीक तरीके से निशाना बनाया गया।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया गया है, जिसमें ब्लैक एंड व्हाइट फुटेज में विस्फोट दिखाई दे रहे हैं।
01:21 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने मस्क के स्टारलिंक को निशाना बनाने की धमकी दी
ईरान ने इलॉन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस स्टारलिंक को निशाना बनाने की धमकी दी है। ईरानी मीडिया के मुताबिक, इस नेटवर्क को ‘लीगल टारगेट’ घोषित किया गया है।
अलजजीरा की रिपोर्ट में कहा गया है कि स्टारलिंक की मौजूदगी बहरीन, कुवैत और UAE जैसे खाड़ी देशों में भी है। ईरान में जारी इंटरनेट ब्लैकआउट के बावजूद कुछ लोग संचार के लिए स्टारलिंक का इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि, इसके इस्तेमाल पर अधिकतम 2 साल की जेल की सजा का प्रावधान है।
01:19 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- ईरान युद्ध 2-3 हफ्तों में खत्म हो सकता है
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध अगले 2 से 3 हफ्तों में खत्म हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका अपना मुख्य लक्ष्य हासिल कर चुका है और अब ऑपरेशन अंतिम चरण में है।
ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका का उद्देश्य ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना था, जो अब पूरा हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर समझौता हो जाता है, तो युद्ध इससे पहले भी खत्म हो सकता है।
ट्रम्प ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट को खुला रखना अमेरिका की जिम्मेदारी नहीं है और अन्य देशों को खुद अपने हितों की सुरक्षा करनी चाहिए।
12:56 AM1 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प आज ईरान जंग पर देश को संबोधित करेंगे
व्हाइट हाउस की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति ट्रम्प बुधवार शाम को प्राइम-टाइम में देश को संबोधित करेंगे, ताकि ईरान युद्ध के बारे में जनता को जानकारी दी जा सके।
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने X पर पोस्ट किया कि ट्रम्प बुधवार रात 9 बजे देश को संबोधित करेंगे।
इससे पहले ट्रम्प ने ओवल ऑफिस में रिपोर्टरों से कहा था कि US सेना दो या तीन हफ्ते में ईरान छोड़ सकती है।
